Lok Sabha Chunav 2024: देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लोकसभा चुनाव के लिए मंच सज चुका है। कल सभी सात सीटों पर वोटिंग होगी। इसी बीच, पीएम नरेंद्र मोदी ने दिल्ली की पूर्व सीएम शीला दीक्षित की तारीफ की। वहीं, कांग्रेस के पूर्व सांसद और शीला दीक्षित के बेटे संदीप दीक्षित ने भी पीएम की तारीफ के पुल बांधे हैं।

एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में मोदी ने अरविंद केजरीवाल पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वह शीला दीक्षित का बहुत सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि एक मुख्यमंत्री थे जो शीला दीक्षित की आलोचना करते थे। मैं उनका बहुत सम्मान करता हूं। वह कांग्रेस की नेता थीं। अपने आखिरी दिनों में उनका बहुत अपमान किया गया।

संदीप दीक्षित ने पीएम की तारीफों के बांधे पुल

प्रधानमंत्री की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए संदीप दीक्षित ने सोशल प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि हमारे राजनीतिक मतभेद बने हुए हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा शीला दीक्षित और उनके योगदान को याद करना बहुत ही सम्मानजनक है। मेरी मां और प्रधानमंत्री 12 साल तक एक साथ मुख्यमंत्री रहे और अक्सर अलग-अलग मंचों पर बातचीत करते थे। सार्वजनिक जीवन में ऐसा शिष्टाचार बहुत ही जरूरी है।

शीला दीक्षित 1998 से 2013 तक रहीं सीएम

तीन बार दिल्ली की मुख्यमंत्री रहीं शीला दीक्षित के बेटे संदीप दीक्षित ने 2004 से 2014 तक लोकसभा में पूर्वी दिल्ली का प्रतिनिधित्व किया। उनकी मां शीला दीक्षित ने 1998 से 2013 तक दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में काम किया। साल 2013 में कांग्रेस के हाथ से सत्ता की चाबी खिसक गई। इस समय दिल्ली में आम आदमी पार्टी ने एंट्री की और 28 सीटें जीतीं। दीक्षित आप के मुखिया अरविंद केजरीवाल से चुनाव हार गईं। हालांकि, कांग्रेस पार्टी ने केजरीवाल की सरकार का समर्थन किया और दिल्ली में उनकी सरकार केवल 49 दिन तक ही चल पाई थी।

दिल्ली में कल होगा मतदान

दिल्ली में शनिवार 25 मई को सभी सात सीटों पर वोटिंग होने वाली है। जिन लोकसभा सीटों पर वोटिंग होगी उनमें पूर्वी दिल्ली, उत्तर पूर्वी दिल्ली, उत्तर पश्चिम दिल्ली, दक्षिण दिल्ली, नई दिल्ली, चांदनी चौक और पश्चिम दिल्ली शामिल हैं। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी इंडिया अलायंस के सदस्य हैं। कांग्रेस उत्तर पश्चिम दिल्ली, उत्तर पूर्व दिल्ली और चांदनी चौक पर चुनाव लड़ रही है, जबकि आम आदमी पार्टी चार सीटों पर लोकसभा चुनाव लड़ रही है।