Maharashtra CM Candidate Devendra Fadnavis: महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव में सबसे ज्यादा सीटें जीतने वाली बीजेपी की ओर से यह ऐलान किया जा चुका है कि 5 दिसंबर को नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा हालांकि अब तक नया मुख्यमंत्री कौन होगा, इस बारे में स्थिति साफ नहीं हुई है। बीजेपी के नेताओं की ओर से कहा जा रहा है कि महाराष्ट्र में पार्टी के सबसे बड़े चेहरे देवेंद्र फडणवीस मुख्यमंत्री बनेंगे लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की नाराजगी की बातें भी लगातार सामने आ रही हैं।

ऐसे में अब यह जानकारी आई है कि 5 दिसंबर को महाराष्ट्र में सिर्फ तीन लोग ही शपथ लेंगे। इसमें बीजेपी के नेता मुख्यमंत्री के पद पर जबकि उसके सहयोगी दल एकनाथ शिंदे की शिवसेना और अजित पवार की एनसीपी के नेता उपमुख्यमंत्री की कुर्सी संभालेंगे।

फडणवीस मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे हैं। वह पिछली शिंदे सरकार में उपमुख्यमंत्री थे। सभी नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित तमाम बड़े नेताओं की मौजूदगी में दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान में शपथ लेंगे।

Eknath Shinde: क्या एकनाथ शिंदे को यह बड़ा पद देने पर विचार कर रही हैं BJP-NCP, ऐसा हुआ तो खतरे में पड़ जाएगा कांग्रेस-MVA का वजूद

MVA को लगा झटका

महाराष्ट्र में विधानसभा की 288 सीटें हैं। महायुति गठबंधन को 230 सीटों पर जीत मिली है। महायुति में शामिल बीजेपी ने 132 सीटें जीती हैं जबकि उसके सहयोगी दलों – एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने 57 और अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी ने 41 सीटें जीती हैं। जबकि महा विकास अघाड़ी (MVA) को भारी झटका लगा है। शिवसेना (यूबीटी) को 20, कांग्रेस को 16 और एनसीपी (शरद पवार गुट) को केवल 10 सीटें मिलीं।

शपथ ग्रहण समारोह में कम से कम 2,000 महिलाएं (लड़की बहिन योजना की लाभार्थी) शामिल होंगी। इस समारोह में बीजेपी शासित या सहयोगी दलों सहित 22 राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद शिंदे अपने गांव चले गए थे। तब से ही सोशल मीडिया से लेकर टीवी चैनलों पर यह चर्चा चल रही थी कि वह नाराज हैं। गांव से लौटने के दो दिन बाद कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे मंगलवार को स्वास्थ्य जांच के लिए जुपिटर अस्पताल गए।

Maharashtra CM News: मोदी सरकार के मंत्री ने बता दिया एकनाथ शिंदे नाराज हैं या नहीं, फडणवीस को लेकर किया बड़ा दावा

विपक्ष के नेता बनेंगे शिंदे?

महाराष्ट्र का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इसे लेकर चल रहे सस्पेंस के बीच महाराष्ट्र की राजनीति से यह जानकारी भी सामने आई है कि बीजेपी और एनसीपी चाहती हैं कि अगर एकनाथ शिंदे नई सरकार में उपमुख्यमंत्री नहीं बनना चाहते तो उन्हें विपक्ष के नेता का पद दे दिया जाए। यह जानकारी निश्चित रूप से हैरान करने वाली है क्योंकि अगर एकनाथ शिंदे इसके लिए राजी हो जाते हैं तो MVA के पास महाराष्ट्र में कुछ भी नहीं रह जाएगा।

बीजेपी और एनसीपी के लिए यह रणनीति इसलिए भी कारगर साबित हो सकती है क्योंकि अगर शिंदे विपक्ष के नेता बने तो विधानसभा में MVA की आवाज बहुत कमजोर हो जाएगी और सरकार को हर दिन होने वाली आलोचना का सामना भी नहीं करना पड़ेगा। विधानसभा में विपक्ष के नेता का पद मुख्यमंत्री के बाद दूसरा सबसे बड़ा पद होता है।

बीजेपी, शिंदे और अजित गुट के कितने नेता बनेंगे मंत्री

महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री को मिलाकर मंत्री परिषद में अधिकतम 43 मंत्री हो सकते हैं। बीजेपी अपने 21 नेताओं को मंत्री बना सकती है। जिस तरह का बड़ा जनादेश बीजेपी ने हासिल किया है उसे देखते हुए वह गृह, वित्त, शहरी विकास और राजस्व जैसे बड़े पोर्टफोलियो में से अधिकतर अपने पास रख सकती है। हालांकि वह सहयोगियों को नाराज भी नहीं करेगी।

मंत्रिमंडल में शिवसेना शिंदे गुट को 12 और एनसीपी अजित गुट को 10 मंत्री पद दिए जा सकते हैं। महाराष्ट्र कैबिनेट में किस दल के कितने मंत्री होंगे और तमाम जरूरी बातों को फाइनल किया जा रहा है।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच एकनाथ शिंदे ने क्या कहा है, क्लिक कर पढ़िए इस खबर में।