देश के पूर्व विदेश मंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता नटवर सिंह का 95 साल की उम्र में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे और गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। नटवर सिंह राजस्थान के भरतपुर जिले के रहने वाले थे। नटवर सिंह के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया है। नटवर सिंह कांग्रेस के ‘राजदार’ माने जाते थे और वह विदेश सेवा के अधिकारी थे। नटवर सिंह पहले व्यक्ति थे, जिन्होंने 1967 में सोनिया गांधी और राजीव गांधी की होने वाली शादी की खबर सबसे पहले इंदिरा गांधी को बताई थी।

इंदिरा गांधी ने कराई थी सियासत में एंट्री

नटवर सिंह गांधी परिवार के काफी करीबी माने जाते थे। 1984 में इंदिरा गांधी ने ही उनकी सियासत में एंट्री करवाई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार नटवर सिंह जवाहरलाल नेहरू के साथ नाश्ता किया करते थे और जब सोनिया गांधी राजनीति में आईं तो उन्हें ‘बड़ी नेता’ बनाने का काम नटवर सिंह ने ही किया। यह भी बताया जाता है कि सोनिया गांधी की हिंदी सुधरवाने का काम भी नटवर सिंह ने ही किया था। वहीं जब सोनिया के खिलाफ पार्टी में बगावत हुई तो उन्होंने इसे अच्छे से संभाला।

2004 में जब मनमोहन सिंह के नेतृत्व में यूपीए सरकार बनी, तब नटवर सिंह को विदेश मंत्री बनाया गया। हालांकि ईरान से तेल के बदले अनाज कांड में उनका नाम आया, इसके बाद उन्हें मंत्रिमंडल से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। इसके बाद वह बागी हो गए। नटवर सिंह ने अपनी आत्मकथा ‘वन लाइफ इस नॉट इनफ’ में कहा है कि किताब आने से ठीक 2 महीने पहले सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी ने घर आकर माफी मांगी थी।

‘सोनिया गांधी किसी को माफ नहीं करतीं’, जब नटवर सिंह की ऑटोबॉयोग्राफी से गांधी परिवार का अंश हटाने की प्रियंका गांधी ने की थी गुजारिश

जब किताब को लेकर अखबारों में नटवर सिंह का इंटरव्यू छपा तो उन्होंने बताया कि सोनिया गांधी नटवर सिंह से मिलने का प्रयास करती हैं, प्रियंका गांधी भी फोन करती है और नटवर सिंह एक हफ्ते के बाद मिलने का वक्त देते हैं।

नटवर सिंह के अनुसार, “जब प्रियंका हफ्ते भर बाद मिलने पहुंचती है तो वह बताती है कि उनकी मां सोनिया ने उन्हें भेजा है। प्रियंका गांधी नटवर सिंह से सवाल करती हैं कि वह मई 2004 के घटनाक्रम के बारे में कुछ लिखेंगे? इसी दौरान सोनिया गांधी भी कमरे में दाखिल हो जाती है और नटवर इससे हैरान हो जाते हैं।”

सोनिया ने मांगी माफी

हालांकि नटवर सिंह सोनिया गांधी को भरोसा देते हैं कि वह कोई घटिया बात किताब में नहीं लिखेंगे। वह सोनिया गांधी के सामने ही बोलते हैं कि उनके साथ गलत हुआ है। नटवर सिंह ने इंटरव्यू के दौरान कहा था, “मैंने सोनिया से कहा कि आपने मेरे साथ गलत किया। इसके जवाब में सोनिया ने कहा कि उन्हें जानकारी नहीं थी। फिर मैंने जवाब दिया कि आपके बिना तो कांग्रेस में पत्ता तक नहीं मिलता। बाद में सोनिया ने मुझसे माफी मांगी थी।”