Who is Vikram Misri: चीन मामलों के एक्सपर्ट माने जाने वाले अनुभवी राजनयिक विक्रम मिसरी ने सोमवार को भारत के नए विदेश सचिव का पदभार संभाल लिया। 1989 बैच के भारतीय विदेश सेवा के अधिकारी मिसरी ने विनय क्वात्रा का स्थान लिया।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर कहा, “विक्रम मिसरी ने आज विदेश सचिव का पदभार संभाल लिया। विदेश मंत्रालय की टीम ने विदेश सचिव मिसरी का गर्मजोशी से स्वागत किया है और उनके सफल कार्यकाल की कामना करता है।”

चीन मामलों के एक्सपर्ट माने जाते हैं मिसरी

विदेश सचिव विक्रम मिसरी का जन्म का श्रीनगर में 7 नवंबर, 1964 में हुआ। मिसरी को चीन मामलों का एक्सपर्ट माना जाता है। मिसरी ने ऐसे समय में यह महत्वपूर्ण पद संभाला है जब भारत विभिन्न विदेश नीति चुनौतियों से निपटने की कोशिश कर रहा है, जिसमें पूर्वी लद्दाख में सीमा विवाद के बाद चीन के साथ उसके खराब होते संबंध भी शामिल हैं।

चीन में भारत के राजदूत के रूप में किया काम

मिसरी अपने पिछले कार्यभार में उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार के रूप में कार्यरत थे। उन्हें तीन प्रधानमंत्रियों इंद्र कुमार गुजराल, मनमोहन सिंह और नरेंद्र मोदी के निजी सचिव के रूप में सेवा करने का दुर्लभ गौरव प्राप्त है। उप एनएसए के रूप में नियुक्त होने से पहले, मिसरी ने 2019-2021 तक चीन में भारत के राजदूत के रूप में कार्य किया।

मिसरी ने गलवान झड़प के बाद निभाया था अहम रोल

माना जाता है कि जून 2020 में गलवान घाटी में हुई झड़पों के बाद भारत और चीन के बीच तनाव बढ़ने के बाद मिसरी ने बातचीत में अहम भूमिका निभाई थी। गलवान घाटी में भीषण झड़प के बाद दोनों देशों के बीच संबंधों में गिरावट आ गई थी, जिसे दशकों में दोनों देशों के बीच आई बड़ी दरार माना जाता है। अपने शानदार करियर में मिसरी ने स्पेन (2014-2016) और म्यांमार (2016-2018) में भारत के राजदूत के रूप में भी काम किया, इसके अलावा उन्होंने पाकिस्तान, अमेरिका, जर्मनी, बेल्जियम और श्रीलंका सहित कई भारतीय मिशनों में भी काम किया।