भारतीय जनता पार्टी ने मोहन लाल बडौली को हरियाणा का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। मोहन लाल बडौली अभी विधायक हैं और हाल ही में संपन्न हुए लोकसभा चुनाव में पार्टी ने सोनीपत से उम्मीदवार बनाया था। हालांकि वह चुनाव हार गए थे। अगले तीन महीने में हरियाणा में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं और प्रदेश अध्यक्ष बदलकर बीजेपी ने बड़ी चाल चली है। मोहन लाल बडौली ब्राह्मण समुदाय से आते हैं।
हरियाणा की राई विधानसभा से विधायक हैं बडौली
वर्तमान में मोहन लाल बडौली हरियाणा की राई विधानसभा सीट से विधायक हैं। वह शुरू से ही भाजपा के साथ जुड़े हुए हैं और संघ में भी काम किया है। वर्ष 1995 में मोहन लाल बडौली को मुरथल का मंडल अध्यक्ष चुना गया था। इसके बाद वह जिला परिषद के लिए चुने गए थे।
2019 में मोहन लाल बडौली ने पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। वह राई विधानसभा सीट से बीजेपी के टिकट पर जीतने वाले पहले नेता हैं। मोहन लाल बडौली 1989 में ही संघ से जुड़ गए थे।
सोनीपत जिले के बडौली गांव में हुआ जन्म
मोहन लाल बडौली का जन्म 1963 में हरियाणा के सोनीपत जिले के बडौली गांव में हुआ था। मोहन लाल ने अपनी पढ़ाई भी सोनीपत से ही पूरी की है। इसके बाद वह एक कपड़ा मार्केट में दुकान चलाने लगे। 1989 में आरएसएस में शामिल हुए और उसके बाद भाजपा में शामिल हो गए। जब हरियाणा में इंडियन नेशनल लोकदल का राज हुआ करता था, उस दौरान मुरथल से जिला परिषद का चुनाव जीतने वाले वह पहले भाजपा नेता थे।
विधायक चुने जाने के बाद मोहन लाल को 2020 में बीजेपी ने सोनीपत का जिला अध्यक्ष नियुक्त कर दिया। इसके बाद 2021 में उन्हें प्रदेश महामंत्री भी बना दिया गया। यानी 2021 में ही मोहन लाल बडौली को बीजेपी हरियाणा की कोर टीम में शामिल कर लिया गया था।
बीजेपी ने दिया संदेश
हरियाणा में बीजेपी ने गैर जाट को प्रदेश अध्यक्ष पद देकर यह संदेश दे दिया है कि वह गैर जाटों को एकजुट करने की कोशिश करेगी। हरियाणा में जाट वोटरों की संख्या करीब 27 फीसदी है। लेकिन इस समय भाजपा में किसी भी बड़े पद पर कोई जाट नेता हरियाणा में नहीं है।