IPS अधिकारी विधि कुमार बिरदी को कश्मीर का नया IGP बनाया नियुक्त किया गया है। वह 2003 बैच के IPS अधिकारी हैं। बिरदी लंबे समय से कश्मीर में तैनात हैं, वह CRPG के IG भी रह चुके हैं। AGMUT कैडर के 2003 बैच के भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी विधि बिरदी विजय कुमार का स्थान लेंगे, जिन्हें जम्मू कश्मीर का एडीजीपी (कानून व्यवस्था) नियुक्त किया गया है।

जम्मू कश्मीर प्रशासन ने एक आदेश में कहा कि बिरदी को कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक के रूप में तैनात किया गया है। इसमें कहा गया है कि इसके अलावा, अधिकारी अगले आदेश तक आईजीपी सशस्त्र कश्मीर के पद का कार्यभार भी संभालेंगे। न्यूज एजेंसी ANI द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, ADGP कश्मीर विजय कुमार को ट्रांसफर कर दिया गया है। अब वह ADGP लॉ एंड ऑर्डर का पद संभालंगे।

कश्मीर के कुपवाड़ा में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का अनावरण

LG मनोज सिन्हा और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मंगलवार को कुपवाड़ा जिले में छत्रपति शिवाजी महाराज की एक प्रतिमा का अनावरण किया। मराठा योद्धा छत्रपति शिवाजी की इस प्रतिमा को उत्तरी कश्मीर जिले में सेना की 41 राष्ट्रीय राइफल्स मराठा लाइट इन्फैंट्री रेजिमेंट में स्थापित किया गया है। इस अवसर पर एक पुजारी द्वारा विशेष पूजा भी की गई।

कुपवाड़ा जिला PoK से लगा है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रतिमा हमेशा बहादुर सुरक्षा बलों को प्रेरित करेगी। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र और जम्मू-कश्मीर के संबंध बहुत पुराने हैं तथा संबंधों को और मजबूत किए जाने की जरूरत है। जम्मू-कश्मीर के LG ने कहा कि यह एक एतिहासिक पहल है और उन्होंने ‘आम्ही पुणेकर’ एवं भारतीय सेना की 41 राष्ट्रीय राइफल्स को इस मौके पर शुभकामनाएं दीं।

LG ने जोर देते हुए कहा कि महान शिवाजी की यह प्रतिमा लोगों और सेना के लिए प्रेरणा का स्रोत होगी। सिन्हा ने सोशल मीडिया मंच X पर कहा, ”महान योद्धा और स्वराज के संस्थापक शिवाजी नैतिकता के उच्च मूल्यों और अच्छे आचरण के प्रतीक होने के साथ-साथ सभी धर्मों व संप्रदाय का सम्मान करने वाले व्यक्ति थे। बचपन से ही प्रतिभा के धनी शिवाजी ने शत्रुओं के खिलाफ अपनी यादगार जीतों से भारत के नए इतिहास की इबारत लिखी।” (इनपुट – भाषा)