शराब कारोबारी विजय माल्या अपनी लाइफ के अलावा सियासत में अपनी दिलचस्पी को लेकर भी खासा वक्त चर्चा में रहे हैं। एक बार उन्होंने अपने राजनीतिक गुरु से मीडिया को रू-ब-रू कराया था।
यह किस्सा तब का है, जब वह राजनीति में कदम रखने की पुरजोर कोशिशें कर रहे थे। हिंदी समाचार चैनल ‘एनडीटीवी इंडिया’ के ‘इंडियानामा’ शो के लिए पत्रकार तवलीन सिंह ने माल्या का इंटरव्यू किया था। माल्या तब अपने बगीचे में थे। इसी बीच, एक शख्स की एंट्री हुई, जिसे देखकर वह चेयरमैन कहकर पुकारने लगे थे। बोले थे- कैसे हैं आप? ये मेरे राजनीतिक गुरु (परिचय कराते हुए कहा) हैं। कोई भी विधायक हो या मुख्यमंत्री, सिट एंड डांस ओनली हिम…।
माल्या के इतना कहते ही वह बोले, “सर, आपके अभियान का सबसे पहला निशाना मैं बन रहा हूं।” इस पर माल्या ने कहा- पर आप तो गुरु हूं। जवाब आया- आप तो अभी से नेताओं जैसे बन गए हैं। उन्हीं की बोली बोल रहे हैं। आपके गुरु कहने से मैं समझ रहा हूं कि आप क्या कहना चाह रहे हैं।
आगे इंटरव्यू के दौरान उन्होंने हवाई सफर के बीच अपने प्लेन के बारे में बताया था। कहा था कि यह वही पहला जेट है, जो उन्होंने खरीदा था। जेट खरीदने वाले वह पहले भारतीय शख्स थे। उन्होंने साल 1988 में उसे खरीदा था और उस वक्त लोग इसके बारे में जानते भी नहीं थे। यह हॉक सी टी-125 किस्म का विमान था और इसे ब्रिटिश एयरोस्पेस नाम की कंपनी ने बनाया। आगे साल 1992 में उन्होंने गल्फ स्ट्रीम जेट खरीदा था, जिसमें एक वक्त पर 15 लोग यात्रा कर सकते थे। हालांकि, वह इतना मजबूत नहीं था।