अप्रैल-मई 2026 में बंगाल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। बीजेपी और टीएमसी के बीच कांटे का मुकाबला देखा जा सकता है। हाल ही में बिहार में विधानसभा चुनाव हुए और महागठबंधन की करारी हार हुई जबकि एनडीए गठबंधन की जीत हुई। बिहार में महागठबंधन में कांग्रेस भी शामिल थी। इसके केवल 6 विधायक चुनाव जीत पाए हैं। इस बीच राजनीतिक दलों ने बंगाल को लेकर चुनावी तैयारियां तेज कर दी है।
कब बंगाल गए थे राहुल गांधी?
हालांकि अभी तक कांग्रेस ने कुछ भी स्पष्ट नहीं किया है कि वह अकेले चुनाव लड़ेगी या फिर लेफ्ट के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ेगी। राहुल गांधी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं और कांग्रेस के चुनावी अभियान को लीड करते हैं। हालांकि वह लंबे समय से बंगाल दौरे पर नहीं गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स और कांग्रेस की मीडिया रिलीज के अनुसार आखिरी बार राहुल 2 फरवरी 2024 को बंगाल में थे। तब कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा चल रही थी और उसी के तहत राहुल गांधी बंगाल में थे। यानी पिछले करीब 22 महीने से राहुल गांधी बंगाल नहीं गए हैं।
30 अगस्त को बिहार चुनाव प्रचार के दौरान राहुल गांधी से पश्चिम बंगाल के मतुआ समुदाय के लोगों ने मुलाकात की थी। उन्होंने राहुल गांधी के सामने नागरिकता को लेकर अपनी समस्या बताई थी। मतुआ समुदाय के लोग बंगाल में बीजेपी का वोट बैंक माने जाते हैं। यह लोग विभाजन के दौरान पूर्वी पाकिस्तान से भारत आए थे, जिसमें से कई लोग नागरिकता की समस्या का सामना कर रहे हैं। राहुल की इस मुलाकात को बंगाल चुनाव से जोड़कर देखा गया था।
2024 लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन
अगर हम कांग्रेस पार्टी के प्रदर्शन की बात करें तो 2024 का चुनाव कांग्रेस पार्टी ने लेफ्ट के साथ गठबंधन में लड़ा। 2024 में लेफ्ट ने 23 जबकि कांग्रेस ने 12 सीटों पर चुनाव लड़ा था। हालांकि कांग्रेस को केवल एक सीट पर जीत नसीब हुई, जबकि लेफ्ट शून्य पर सिमट गया। कांग्रेस ने 2024 के लोकसभा चुनाव में मालदा दक्षिण लोकसभा से जीत हासिल की, जो 1980 से जीतती रही है। वहीं पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रहे अधीर रंजन चौधरी खुद बहरामपुर से चुनाव हार गए, जो लगातार पांच बार चुने गए थे।
2021 बंगाल विधानसभा चुनाव
2021 में बंगाल विधानसभा चुनाव हुए थे और कांग्रेस ने लेफ्ट के साथ इस चुनाव में भी गठबंधन किया हुआ था। गठबंधन के तहत कांग्रेस को 92 सीटें मिली थी। हालांकि पार्टी का प्रदर्शन सबसे खराब रहा। कांग्रेस को एक भी सीट पर जीत हासिल नहीं हुई और उसका वोट शेयर भी गिरकर 2.93 प्रतिशत हो गया।
2019 लोकसभा चुनाव
2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने अकेले चुनाव लड़ा और उसे 40 में से केवल दो सीटों पर जीत हासिल हुई थी। कांग्रेस पार्टी का वोट शेयर 4.09 फीसदी था।
2016 विधानसभा चुनाव
2016 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने लेफ्ट के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ा था। उसे 92 सीट गठबंधन के तहत मिली थी। कांग्रेस ने इस चुनाव में 44 सीटों पर जीत हासिल की थी।
2014 लोकसभा चुनाव
2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने बंगाल में अकेले चुनाव लड़ा था। सभी 42 सीटों पर चुनाव लड़ने के बाद उसे केवल चार सीटों पर जीत हासिल हुई थी। हालांकि तब वह बीजेपी से बड़ी पार्टी थी, क्योंकि बीजेपी के बंगाल में केवल दो सांसद जीते थे। कांग्रेस का वोट शेयर भी 2014 के लोकसभा चुनाव में बंगाल में 9.69 फीसदी था।
