Fog And Smog Difference: नवंबर का महीना आते ही उत्तर भारत के शहरों में मौसम का मिजाज बदल जाता है, और इस साल भी कुछ अलग नहीं है। हालांकि, इस बार ठंड की वह तेजी अभी नहीं आई है जो आमतौर पर नवंबर में देखने को मिलती है। कई स्थानों पर कोहरा और धुंध का प्रभाव देखने को मिल रहा है, खासकर दिल्ली और इसके आसपास के क्षेत्रों में, जहां सुबह के समय कोहरा और स्मॉग (धुएं और कोहरे का मिश्रण) ने दृश्यता (Visibility) पर असर डाला है। लोग फॉग और स्मॉग की मोटी चादर से ढके आसमान का सामना कर रहे हैं। ऐसे में कई लोगों के मन में यह सवाल उठता है कि फॉग (कोहरा) और स्मॉग (धुएं और कोहरे का मिश्रण) में आखिर क्या अंतर होता है।
ठंडे मौसम में फॉग का ज्यादा क्यों होता है असर
फॉग और स्मॉग दोनों ही आसमान में छाने वाले धुंध के रूप होते हैं, लेकिन दोनों में कई महत्वपूर्ण अंतर होते हैं। फॉग, या कोहरा, ठंडी हवा में मौजूद नमी से बनता है। जब हवा में पानी की महीन बूंदें ठंडे तापमान के कारण इकट्ठा हो जाती हैं, तो वे सफेद रंग का फॉग बना देती हैं। फॉग के बनने में प्रदूषण का योगदान कम होता है, और यह ठंडे मौसम में ज्यादा दिखता है।
आज की खबरें और अहम जानकारियां यहां से पढ़ें…
दूसरी ओर स्मॉग का निर्माण प्रदूषण के कारण होता है। यह धुएं और धूल के कणों के मिश्रण से बनता है और इसका रंग हल्का ग्रे या भूरा होता है। स्मॉग तब बनता है जब वातावरण में प्रदूषण के कण हवा में मौजूद नमी के साथ मिलकर एक मोटी चादर बना देते हैं। तापमान के गिरने और प्रदूषण के बढ़ने पर स्मॉग ज्यादा गहराता है, जिससे हवा की गुणवत्ता (AQI) पर भी असर पड़ता है।
उत्तर भारत में कैसे पड़ रहा है प्रभाव?
दिल्ली और उत्तर भारत के कई शहरों में इस समय स्मॉग और फॉग का साफ असर देखा जा रहा है। बुधवार सुबह दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) खतरनाक श्रेणी में 349 तक पहुंच गया, और कई स्थानों पर विजिबिलिटी भी 100 मीटर से कम दर्ज की गई। इंदिरा गांधी एयरपोर्ट, हिंडन एयरपोर्ट, और अमृतसर एयरपोर्ट पर सुबह विजिबिलिटी इतनी कम थी कि यातायात भी प्रभावित हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से स्मॉग और फॉग की समस्या और गहराने की संभावना है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के बाद ठंडी हवाओं का रुख दिल्ली की ओर होगा, जिससे 18 नवंबर के बाद ठंड में बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। आने वाले दिनों में दिन का तापमान 32 डिग्री के आसपास और न्यूनतम तापमान 16 से 17 डिग्री रहने का अनुमान है।
इस बीच बुधवार को दिल्ली में स्मॉग की वजह से विजिबिलिटी काफी कम हो गई है और एक्यूआई बढ़ गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, आनंद विहार और आया नगर सहित दो निगरानी केंद्रों ने वायु गुणवत्ता को ‘‘गंभीर’’ श्रेणी में बताया। सुबह साढ़े आठ बजे आर्द्रता 92 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम विभाग ने दिन के समय हल्का कोहरा छाए रहने और अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है।
आईएमडी ने कहा कि दिल्ली में सुबह 5.30 बजे के आसपास बहुत घना कोहरा छाना शुरू हो गया और शहर के विभिन्न हिस्सों में दृश्यता कम हो गई। एक अधिकारी ने बताया कि खराब मौसम के कारण सुबह सात बजे से छह उड़ानों को जयपुर भेजा गया है, वहीं एक को लखनऊ की ओर रवाना किया गया। एक अन्य अधिकारी ने कहा कि कुछ विमानों के परिचालन में देरी हुई है और दृश्यता की स्थिति में सुधार हो रहा है। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय विमानपत्तन (आईजीआई) देश के सबसे व्यस्त हवाईअड्डों में से एक है।