Weather Updates Today: दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में ठंड बढ़ गई है और गलन हो रही है। दिल्ली-एनसीआर में गलन काफी अधिक हो रही है और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेलसियस रह सकता है। वहीं दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 20 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार दिल्ली में 25 और 26 दिसंबर को शीतलहर हो सकती है। इन दो दिनों में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री दर्ज किया जा सकता है।
अगले दो दिनों तक इन राज्यों में बढ़ेगी ठंड
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार हिमालय से शुष्क उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी हवाएँ अगले कुछ दिनों तक उत्तर-पश्चिमी मैदानी इलाकों में कड़ाके की ठंड लाती रहेंगी। इसलिए अगले 24 घंटों के दौरान पंजाब (Punjab), हरियाणा (Haryana) और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में ठंड और बढ़ने की संभावना है। इसके अलावा, पंजाब, हरियाणा और उत्तरी राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में शनिवार से अगले मंगलवार (24-27 दिसंबर) तक शीत लहर की स्थिति बनी रहेगी।
तापमान में संभावित गिरावट के मद्देनजर मौसम विभाग ने आज के लिए पंजाब और हरियाणा में ऑरेंज अलर्ट (कठिन परिस्थितियों के लिए तैयार रहें) जारी किया है। इस पूर्वानुमान अवधि के दौरान शेष क्षेत्र येलो अलर्ट (स्थानीय मौसम के बारे में ‘जागरूक’) पर रहेंगे। ठंड की स्थिति मुख्य रूप से पंजाब के मध्य जिलों, हरियाणा के उत्तर-मध्य जिलों, उत्तर प्रदेश के उत्तरी जिलों और राजस्थान के सबसे उत्तरी जिलों पर केंद्रित होगी।
वहीं अगले 4-5 दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। 25 दिसंबर को पूर्वी भारत में न्यूनतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस बढ़ने की संभावना है। अगले 24 घंटों के दौरान मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) और महाराष्ट्र में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होने और उसके बाद 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। अगले 2 दिनों के दौरान गुजरात में न्यूनतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है।
तमिल नाडु में हो सकती है बारिश
वहीं तमिल नाडु के कुछ इलाकों में अगले दो दिनों में हल्की बारिश हो सकती है। जबकि अंडमान के भी कुछ इलाकों में अगले 2 दिनों में भारी बारिश हो सकती है।