पिछले कुछ दिनों से मौसम में बदलाव हुआ है। अक्टूबर का आधा महीना बीत चुका है लेकिन अभी भी देश के कई इलाकों में लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिली है। हालांकि सुबह और शाम के वक्त मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। सुबह और शाम के समय में तापमान कम हुआ है। देश की राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों में लोगों ने अब अपने एसी बंद कर दिए हैं।
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में शनिवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तो वहीं न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इसके अलावा रविवार को दिल्ली में बारिश की भी संभावना जताई गई है। दिल्ली से सटे नोएडा में शनिवार को न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। तो वहीं गाजियाबाद में न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान 37 डिग्री रहने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार और रविवार को पंजाब के कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है और इसके बाद तापमान में भी गिरावट देखने को मिलेगी। वहीं हिमाचल प्रदेश में अगले 5 दिनों तक बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। हिमाचल प्रदेश के सात जिलों में 16 अक्टूबर को भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं उत्तराखंड में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है और आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे।
केरल में हो सकती है बारिश
मौसम का पूर्वानुमान लगाने वाली एजेंसी स्काईमेट के अनुसार आज अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप और केरल में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं जम्मू कश्मीर, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, लद्दाख के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी देखने को मिल सकती है। साथ ही उत्तरी हरियाणा, पूर्वोत्तर भारत, सिक्किम, तटीय कर्नाटक और दक्षिण कोंकण और गोवा के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश संभव है।
मौसम विभाग के अनुसार ताजा पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिमी हिमालय के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ के साथ-साथ बंगाल और उड़ीसा से मानसून वापस चला जाएगा।