उत्तर प्रदेश में पछुआ पवनों के चलते ज्यादातर इलाकों में ठिठुरन भरी सर्दी पड़ रही है और आने वाले कुछ दिनों तक ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है। वहीं पिछले कुछ दिनों से कड़ाके की सर्दी का सामना कर रहे राजस्थान में रात के पारे में मामूली बढोत्तरी से लोगों को थोड़ी राहत मिली है। इसके साथ कश्मीर की घाटी में शीतलहर का कहर जारी है। डल झील और अन्य जल इकाईयों के कई हिस्से जम गए हैं। बता दें कि पूरे उत्तर भारत में पिछले कुछ दिनों में ठंड काफी बढ़ी है। इस मौसम के कारण कई ट्रेन और फ्लाइट के लेट होने की भी खबर सामने आई है।
पिछले 24 घंटों में शीतलहर से कई इलाके प्रभावितः आंचलिक मौसम केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश के अधिसंख्य मंडल कड़ाके की सर्दी की चपेट में हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में कई इलाकों में शीतलहर जारी रहा है। राजधानी लखनऊ में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 3 डिग्री कम था।
Hindi News Live Hindi Samachar 12 January 2020: देश की बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें
चुर्क राज्य का सबसे ठंडा जगहः प्रदेश के बरेली, कानपुर, लखनऊ, झांसी, गोरखपुर, वाराणसी, मेरठ, फैजाबाद, इलाहाबाद और आगरा मंडलों में शुक्रवार (10 जनवरी) के दिन का तापमान सामान्य से काफी कम दर्ज किया गया। वहीं, वाराणसी, इलाहाबाद और कानपुर में रात के तापमान में भी खासी गिरावट दर्ज की गई। वाराणसी, इलाहाबाद, कानपुर, लखनऊ तथा झांसी मंडलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रहा। इस दौरान चुर्क राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 6 डिग्री कम था।
यूपी के कुछ इलाकों में शीतलहर के साथ हो सकती है बारिशः पिछले 24 घंटों में बांदा और कानपुर नगर में न्यूनतम तापमान 4-4 डिग्री सेल्सियस, झांसी में 4.6 डिग्री, फुरसतगंज में 4.8, हमीरपुर और लखीमपुर खीरी में 5.2-5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अगले 24 घंटों के दौरान भी कुछ इलाकों में शीत लहर रहने की संभावना है। वहीं, अगले 48 घंटों में प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश भी हो सकती है।
मौसम विभाग- माउंट आबू में रहा न्यूनतम तापमानः मौसम विभाग के अनुसार बीती रात माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस रहा जो एक दिन पहले शून्य के नीचे 3.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इसी तरह न्यूनतम तापमान भीलवाड़ा में 2.6 डिग्री, वनस्थली में 3.6 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 3.3 डिग्री, बूंदी में 3.8 डिग्री, चुरू में 4.5 डिग्री सेल्सियस, पिलानी में 4.8 डिग्री सेल्सियस, गंगानगर में 5.8 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं राजधानी जयपुर में बीती रात का न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस रहा हालांकि शनिवार सुबह से ही अच्छी धूप निकली थी।
जम्मू में पड़ रही है कड़ाके की ठंडः मौसम विभाग ने बताया कि न्यूनतम तापमान जमाव बिंदू से कई डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। वहीं जम्मू में भी लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है, यहां न्यूनतम तापमान सामान्य तापमान से कई डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने कश्मीर में अगले 24 घंटों में हल्की बारिश और बर्फ गिरने की संभावना जारी की है। वहीं इसके बाद से व्यापक बर्फबारी की संभावना है।
डल झील के कई हिस्से बर्फ से जमेः श्रीनगर में तापमान शून्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। रात के तापमान में कमी की वजह से डल झील, जल इकाईयों के कुछ हिस्से जम गए हैं और जल आपूर्ति लाइन प्रभावित है। गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 12.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। कुपवाड़ा में तापमान शून्य से 6.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज हुआ।
द्रास में तापमान शून्य से नीचेः दक्षिणी कश्मीर के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 11.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। वहीं काजीगुंड में तापमान शून्य से 7.6 डिग्री सेल्सियस नीचे था। लद्दाख के लेह में तापमान शून्य से 18.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि करगिल के द्रास में तापमान शून्य से 29.1 डिग्री सेल्सियस नीचे था।
डोडा जिला के भद्रवाह रहा सबसे ठंडा जगहः मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि जम्मू में तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के औसत तापमान से 3.1 डिग्री सेल्सियस नीचे है। डोडा जिले का भद्रवाह जम्मू क्षेत्र में सबसे ठंडा स्थान रहा। यहां न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रामबन जिले के बनिहाल में न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जबकि बटोट में तापमान शून्य से 0.1 डिग्री सेल्सियस नीचे है। रियासी जिले के कटरा में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
