उत्तर भारत के अधिकतर इलाकों में तापमान में गिरावट आई। वहीं कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के पर्यटक स्थलों पर हाड़ गलाने वाली सर्दी पड़ रही है। रविवार (19 जनवरी) को राष्ट्रीय राजधानी में लोगों की सुबह कड़कड़ाती ठंड से हुई और अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम 16.7 डिग्री दर्ज किया गया जबकि न्यूनतम तापमान सात डिग्री रहा। कश्मीर घाटी और लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश में रात का तापमान शून्य डिग्री से नीचे बना हुआ है और सड़कों पर बर्फ की परत जमी है जिससे लोगों को असुविधा हो रही है।
शून्य डिग्री से नीचे है कश्मीर- लद्दाख का तापमानः मौसम विभाग के अधिकारी ने बताया कि कश्मीर और लद्दाख में रात का तापमान शून्य डिग्री से नीचे चल रहा है। उन्होंने बताया कि श्रीनगर में रविवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 2.8 डिग्री नीचे दर्ज किया गया जो शनिवार के 1.4 डिग्री से भी एक डिग्री नीचे है। अधिकारी के मुताबिक, लद्दाख के लेह में न्यूनतम तामपान शून्य से 16.3 डिग्री नीचे दर्ज किया गया जबकि पिछली रात यह शून्य से 13.0 डिग्री नीचे था। उन्होंने यह भी बताया कि कश्मीर में दिन के दौरान धूप खिली रही, जिससे लोगों को कुछ राहत मिली।
Hindi News Live Hindi Samachar 20 January 2020: देश की बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें
हिमाचल प्रदेश शीतलहर का प्रकोप जारीः अधिकारी ने बताया कि हिमाचल प्रदेश रविवार को भी शीतलहर की चपेट में रहा और कई पर्यटक स्थलों पर शून्य के नीचे तापमान दर्ज किया गया है। शिमला स्थित मौसम केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि पूरे राज्य में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट आई है। उन्होंने बताया कि कुफ्री में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.6 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। इसी प्रकार मनाली में शून्य से 4.4 डिग्री नीचे, डलहौजी में शून्य से 2.4 डिग्री नीचे और शिमला में शून्य से 0.6 डिग्री नीचे न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
शिमला के कई इलाकों में हुई बर्फबारीः जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति का प्रशासनिक मुख्यालय किलॉन्ग राज्य की सबसे ठंडी जगह रही, जहां पर शून्य से 14.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। पूरे राज्य में अधिकतम तापमान भी सामान्य से एक से दो डिग्री नीचे दर्ज किया गया है। राज्य में सबसे अधिक तापमान 21 डिग्री ऊना में दर्ज किया गया है। सिंह ने बताया कि शिमला सहित राज्यों के कई ऊपरी इलाकों बर्फबारी और निचले इलाकों में हल्की बारिश हुई है।
शीतलहर के चपेट में पंजाब- हरियाणाः मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब और हरियाणा भी रविवार को शीतलहर की चपेट में रहे और अधिकतर स्थानों पर सामान्य से कम तापमान दर्ज किया गया है। पंजाब में आदमपुर सबसे ठंडी जगह रही जहां पर न्यूनतम तापमान तीन डिग्री दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के मुताबकि लुधियाना में 6.7 डिग्री, पटियाला में 7.6 डिग्री, हलवारा में सात डिग्री, बठिंडा में 5.3 डिग्री और गुरदासपुर में 8.1 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
अंबाला समेत कई जगहों पर छाया रहा कोहराः हरियाणा के हिसार में 5.3 डिग्री, अंबाला में 6.2 डिग्री, भिवानी में 6.1 डिग्री और सिरसा में 5.3 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। केंद्रशासित प्रदेश चंडीगढ़ में रात में पारा 6.6 डिग्री पर पहुंच गया है। मौसम विभाग के अधिकारी ने बताया कि कोहरे की वजह से अंबाला, हिसार, करनाल, नरनौल, भिवानी, अमृतसर, लुधियाना और पटियाला में सुबह दृश्यता कम रही। उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटे में राजस्थान में भी तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट आई है। 2.5 डिग्री तापमान के साथ सीकर राज्य की सबसे ठंडी जगह रही।
कानपुर समेत कई जगहों पर तापमान में खासी गिरावटः उत्तर प्रदेश के विभिन्न मण्डलों में पिछले कई दिनों से जारी बूंदाबांदी के बाद बदली के कारण ठंड से खास राहत नहीं मिली है। आंचलिक मौसम केन्द्र की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के पश्चिमी भागों में कुछ स्थानों पर शीतलहर का असर रहा। कुछ इलाकों में खासा घना कोहरा भी रहा। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कानपुर और झांसी मण्डलों में दिन के तापमान में खासी गिरावट दर्ज की गई है। इसके अलावा फैजाबाद, कानपुर, लखनऊ, बरेली, झांसी तथा मेरठ मण्डलों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहा।
अगले 24 घंटों में मौसम रह सकता है सूखाः मेरठ मण्डल में न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आई है। हालांकि गोरखपुर, वाराणसी, लखनऊ, झांसी, आगरा, फैजाबाद, इलाहाबाद, बरेली और कानपुर मण्डलों में यह सामान्य से अधिक रहा। बता दें कि अगले 24 घंटों के दौरान राज्य में मौसम आमतौर पर सूखा रहने का अनुमान है।