दिल्ली में आज सुबह 7 बजे यमुना नदी का जलस्तर 208.46 मीटर दर्ज किया गया। लोगों के घरों और बाज़ारों में पानी घुसने के कारण निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से तुरंत जगह खाली करने की अपील की है। इस बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल वजीराबाद वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट पहुंचे। यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण प्लांट को फिलहाल बंद कर दिया गया है। 10 पॉइंट्स में जानें देशभर के तमाम हिस्सों में मौसम और बाढ़ के हालात।
- वजीराबाद वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट पहुंचे सीएम केजरीवाल ने कहा कि यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण प्लांट को फिलहाल बंद कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली बार दिल्ली में यमुना इस स्तर पर पहुंची है। अभी 3 वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद हो गए हैं क्योंकि पानी मशीनों में घुस गया है। पानी कम होने के बाद मशीनों को सुखाया जाएगा। इससे दिल्ली का पानी करीब 25% कम हो जाएगा। दिल्ली में 1-2 दिन पानी की किल्लत रह सकती है। मुझे उम्मीद है कि कल शाम तक प्लांट शुरू हो जाएगा। अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर बताया कि वज़ीराबाद, चन्द्रावल और ओखला वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद करने पड़ रहे हैं। इस वजह से दिल्ली के कुछ इलाक़ों में पानी की परेशानी होगी। जैसे ही यमुना का पानी कम होगा, इन्हें जल्द से जल्द चालू करने की कोशिश करेंगे।
- दिल्ली में यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन पर प्रवेश और निकास अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। बाढ़ के कारण दिल्ली नगर निगम (MCD) के सिविल लाइंस क्षेत्र के निचले इलाकों में स्थित 10 और शहादरा क्षेत्र में सात स्कूल बृहस्पतिवार को बंद रहेंगे।
- यमुना का जल स्तर बढ़ने से बृहस्पतिवार को दिल्ली सचिवालय में पानी भर गया, जहां मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उनके मंत्रिमंडल और अन्य वरिष्ठ नौकरशाहों के आवास-कार्यालय हैं। राजघाट से दिल्ली सचिवालय जाने वाली सड़क पर भी पानी भर गया है।
- दिल्ली में यमुना का जलस्तर बढ़ने के मद्देनजर दिल्ली यातायात पुलिस ने बृहस्पतिवार को एक एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी के अनुसार आईपी फ्लाईओवर और चंदगी राम अखाड़े के बीच महात्मा गांधी मार्ग, कालीघाट मंदिर और दिल्ली सचिवालय के बीच महात्मा गांधी मार्ग, और वज़ीराबाद ब्रिज और चंदगी राम अखाड़े के बीच बाहरी रिंग रोड पर यातायात बाधित है। इसमें कहा गया है कि यात्रियों को इन मार्गों से बचने और अन्य मार्गों से यात्रा करने की सलाह दी जाती है।
- दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC) ने बताया कि बढ़ते जल स्तर के कारण एहतियाती तौर पर यमुना के चार पुलों को मेट्रो ट्रेन 30 किलोमीटर प्रति घंटे की सीमित गति से पार कर रही है। हरियाणा के यमुनानगर में हथिनी कुंड बैराज में जलस्तर में बढ़ोत्तरी हुई। अधीक्षक अभियंता ने बताया कि अभी हम 1,51,000 क्यूसेक पानी नीचे रिलीज कर रहे हैं। कल से पानी का स्तर घटना शुरु हुआ था लेकिन बीती रात से उसमें बढ़ोतरी हुई है।
- दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद मयूर विहार फेज 1 के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी घूसने के कारण कई लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ा। लोगों ने फ्लाइओवर ने नीचे शरण ली है। लोगें को खाना वितरित किया जा रहा है। ट्रैफिक डायवर्जन के कारण कई इलाकों में भारी ट्रैफिक जाम देखा गया।
- दिल्ली के हालात पर लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री आतिशी ने कहा कि दिल्ली में पहली बार यमुना के पानी का स्तर इतना बढ़ा है। 1978 में जब दिल्ली में बाढ़ आई थी उससे करीब 1.5 मीटर ज्यादा पानी इस बार आया है। जब जलस्तर इतना ऊंचा हो जाएगा तो यमुना अपने तट से बाहर निकलेगी। पानी के बहाव को काबू में नहीं किया जाता है। हम लोगों को लगातार नकाल रहे हैं। हमारे लिए लोगों की जान बचाना ज्यादा जरूरी है।
- हिमाचल प्रदेश सरकार ने बुधवार को दावा किया कि पिछले तीन दिनों में कुल्लू और मनाली से लगभग 25,000 पर्यटकों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है। हालांकि, सैकड़ों लोग फंसे हुए हैं क्योंकि भूस्खलन और बाढ़ के कारण 1,100 से अधिक सड़कें अभी भी बंद हैं। चंबा, शिमला, सिरमौर, किन्नौर और अन्य जिलों में बड़ी संख्या में पर्यटक फंसे हुए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के आठ शहरों मनाली, सोलन, रोहड़ू, ऊना, घमरूर, पच्छाद, हमीरपुर और केलोंग में जुलाई में एक दिन की बारिश के पिछले सभी रिकॉर्ड टूट गए हैं। राज्य में बुधवार को आठ लोगों की मौत की सूचना मिली, जिससे पिछले चार दिनों में भारी बारिश के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 39 हो गई है।
- पश्चिमी विक्षोभ और मॉनसूनी हवाओं के कारण पिछले सप्ताह उत्तर भारत में भारी बारिश हुई है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बादल फटने और भूस्खलन से जहां हालात गंभीर हैं, वहीं पंजाब और हरियाणा में बाढ़ जैसे हालात हैं। पंजाब के 14 जिलों के 1,058 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में भारी बारिश और पहाड़ों के दरकने से कई मार्ग बंद हैं। राजस्थान, गुजराज और तमिलनाडु में भी अधिक बारिश से कई स्थानों पर विकट हालात पैदा हो गए हैं।
- दिल्ली के LG ने प्रगति मैदान टनल निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने कहा कि वीआईपी मूवमेंट और अन्य जगहों पर जल जमाव न हो इसे लेकर काम किया जा रहा है। इसकी भी समीक्षा हो रही है कि जो बारिश का पानी जमा है उसे हार्वेस्ट कर ग्रीनरी के लिए इस्तेमाल किया जा सके। दिल्ली और हम दोनों मिल कर काम कर रहे हैं।