Daily Weather Update: दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड समेत विभिन्न राज्यों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। घने कोहरे के साथ शीतलहर ने लोगों की परेशानी बढ़ाई हुई है। इस बीच दिल्ली में सोमवार को तापमान धर्मशाला (Dharamshala) और देहरादून (Dehradun) से भी ज्यादा कम दर्ज किया गया।

दिल्ली के सफदरजंग में अधिकतम तापमान 15.6 और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, धर्मशाला का अधिकतम औ न्यूनतम तापमान 18 एवं 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि देहरादून का तापामन 23.2 और 7.8 रिकॉर्ड किया गया। मंगलवार की सुबह की शुरुआत भी घने कोहरे (Dense Fog) और शीतलहर (Cold Waves) के साथ हुई। दिल्ली में सुबह न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड दर्ज किया गया।

आने वाले दिनों में इन इलाकों में चलेंगी सर्द हवाएं

मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि हल्की हवा और निचले क्षोभमंडल स्तर में उच्च नमी के कारण आज दिल्ली, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में घने से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

वहीं, दिल्ली, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ के अलावा हिमाचल प्रदेश में अगले 2 दिनों में लोगों को शीतलहर का सामना करना पड़ेगा, जबकि उत्तरी राजस्थान में आज काफी ज्यादा सर्द हवाएं चल सकती हैं। हालांकि, मौसम विभाग का अनुमान है कि तीन दिन के बाद लोगों को घने कोहरे से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

दिसंबर के अंत तक बढ़ेगा तापमान

देश के ज्यादातर राज्यों में न्यूनतम तापमान 3 से 7 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड दर्ज किया गया है। इसके दिसंबर के अंत तक 7 से 10 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने का अनुमान है। वहीं, मौसम विभाग का कहना है कि राजस्थान में कुछ जगहों पर रात के समय तापमान शून्य से नीचे चला गया। सीकर जिले के मौसम विभाग ने बताया कि फतेहपुर में न्यूनतम तापमान -1.5 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, चुरू और करौली में रात का तापमान शून्य से 0.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।