Weather Forecast Today, 3 January 2024: नए साल की शुरुआत हाड़ कंपा देने वाली ठंड के साथ हुई है। पंजाब, उत्तरी राजस्थान, हरियाणा से लेकर दक्षिणी उत्तराखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के हिमालयी इलाके घने कोहरे की चपेट में दिखे। आधा भारत शीतलहर की चपेट में है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर पहले से ही शून्य से नीचे चल रहा पारा और गिर गया है। पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में भी पारा शून्य से 10 डिग्री नीचे चला गया है।

गौतम बुद्ध नगर जिला प्रशासन ने ठंड के मद्देनजर 6 नवरी तक नर्सरी से 8वीं तक की कक्षाओं के सभी स्कूलों में अवकाश की घोषणा की है। गौतम बुद्ध नगर के जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के चलते समस्त बोर्ड से मान्यता प्राप्त विद्यालयों में नर्सरी से आठवीं कक्षाओं तक के बच्चों के लिए छह जनवरी तक स्कूल बंद करने का आदेश दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस आदेश का पालन नहीं करने वाले स्कूल संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कोहरे के कारण दिल्ली क्षेत्र में 26 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। घने कोहरे के बीच कम विजिबिलिटी के कारण कई फ्लाइट्स के संचालन में देरी हुई।

उत्तर भारत में घना कोहरा

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार को कहा कि जनवरी में उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के अधिकांश इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहने की उम्मीद है। आईएमडी ने कहा कि पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान के कुछ इलाकों में अगले दो दिनों तक सीवियर कोल्ड डे की स्थिति रह सकती है। वहीं, अगले तीन दिनों तक उत्तर पश्चिम और पूर्वी भारत में घना कोहरा छा सकता है।

श्रीनगर में जमी डल झील

बर्फबारी के कारण जम्मू-कश्मीर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ऐतिहासिक डल झील समेत श्रीनगर के लगभग सभी जल स्रोत जम गए हैं। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान गिरकर शून्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है। ठंड के साथ-साथ घने कोहरे ने मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग का कहना है कि इस हफ्ते न्यूनतम तापमान माइनस 1 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है।

हिमाचल प्रदेश में येलो अलर्ट

हिमाचल प्रदेश के मैदानी इलाकों में 6 जनवरी तक घना कोहरा छाया रहेगा। यहां येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के पर्वतीय जिलों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा, किन्नौर और में मौसम साफ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने मैदानी इलाकों के लोगों से सुबह और शाम सावधानी के साथ घरों से निकलने की अपील की है।