Weather Forecast Today, 27 December 2023: देश के कई हिस्सों में ठंड के साथ घने कोहरे का प्रकोप देखने को मिल रहा है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल, उत्तराखंड, राजस्थान सहित देश के 15 राज्यों में 31 दिसंबर तक घना कोहरा देखने को मिल रहा है। भारतीय मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के लिए घने कोहरे की चेतावनी देते हुए बताया है कि कई हिस्सों में सुबह घने कोहरे की स्थिति रहने की संभावना है।
दिल्ली में कोहरे और लो विजिबिलिटी के कारण कुछ ट्रेनें देरी से चल रही है। 27 से 31 दिसंबर के दौरान पंजाब में, 27-31 के दौरान हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में व 27 दिसंबर को उत्तरी राजस्थान और उत्तरी मध्य प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में घना कोहरा देखने को मिल सकता है। विभाग के अधिकारी आरके जेनामणि ने कहा कि ओड़ीशा के अलग-अलग हिस्सों में भी सुबह घना कोहरा रहने की संभावना है।
मैदानी इलाकों में घना कोहरा
27 और 28 को उत्तराखंड और असम और 27-31 दिसंबर के दौरान मेघालय और नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी घना कोहरा देखने को मिल सकता है। गंगा के मैदानी इलाकों में घने से बहुत घने कोहरे का अनुमान है। 29 दिसंबर की रात से पश्चिमी हिमालय में बारिश और बर्फबारी शुरू हो सकती है।
मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ 29 दिसंबर को पश्चिमी हिमालय पहुंच सकता है। इस कारण 30 दिसंबर से हिमालय के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के साथ उत्तर पश्चिम के मैदानी इलाकों में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने बताया कि 30 दिसंबर से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। इसके प्रभाव से और पूर्वी हवाओं के साथ इसके मेल के कारण उत्तर-पश्चिम भारत और आसपास के इलाकों में 30 दिसंबर से 2 जनवरी, 2024 के बीच हल्की बारिश की संभावना है।
कई हिस्सों में जीरो रही विजिबिलिटी
बुधवार सुबह अलग-अलग इलाकों में बहुत घना कोहरा रहा जिससे विजिबिलिटी 0 से 50 मीटर के बीच रही। जिन इलाकों में घना कोहरा रहा उनमें पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश शामिल है। पंजाब के कई हिस्सों में, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों और उत्तरी राजस्थान, मध्य प्रदेश और ओडीशा के अलग-अलग इलाकों में विजिबिलिटी 50-200 मीटर रही।
राजधानी में बुधवार सुबह घना कोहरा छाया रहा और कई इलाकों में विजिबिलिटी कम रही, जिससे हवाई और रेल सेवायें प्रभावित हुयी। सुबह के वक्त न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली में विजिबिलिटी कम रहने के बीच मौसम विभाग ने ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया। एक अधिकारी ने बताया कि कोहरे के कारण रेलगाड़ियां अपने निर्धारित वक्त से देरी से चल रही हैं और फ्लाइट्स के संचालन में भी देर हो सकता है या उड़ानें रद्द हो सकती हैं। घने कोहरे का असर आज पंजाब,हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में रेल, सड़क, हवाई यातायात पर पड़ सकता है।