Weather Forecast Today, 18 jan 2024: दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे भारत में ठंड और शीतलहर से हाल बेहाल है। घने कोहरे की वजह से उड़ानें रद्द हो रही हैं और ट्रेनें लेट चल रही हैं। मौसम विभाग ने पंजाब और हरियाणा में सर्दी का रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं देश के पूर्वी राज्यों में बारिश के आसार जताए गए हैं।

शीतलहर के कारण दिल्ली में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। IMD के मुताबिक, दिल्ली का न्यूनतम तापमान 5 से 6 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। राजधानी में घना कोहरा देखने को मिला। 18 जनवरी को घने कोहरे के कारण देश के विभिन्न हिस्सों से दिल्ली आने वाली 18 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। कोहरे की वजह से कम विजिबिलिटी के कारण IGI हवाई अड्डे पर कई फ्लाइट देरी से चल रही हैं और कुछ फ्लाइट रद्द हो गई हैं।

बिहार में शीतलहर का प्रकोप

बिहार में शीतलहर का प्रकोप जारी रहने के साथ बुधवार को राज्य के 12 स्थानों पर पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले दो दिनों में बिहार के कुछ जिलों में मध्यम से घना कोहरा छाए रहने और कोल्ड डे की आशंका जताते हुए राज्य के कई हिस्सों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के मुताबिक, पटना समेत राज्य के कई हिस्सों में अगले तीन-चार दिनों तक न्यूनतम तापमान 6-11 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। इस बीच पटना जिलाधिकारी द्वारा जारी एक आदेश में कहा गया है कि मौजूदा ठंड की स्थिति को देखते हुए, पटना के सभी स्कूल शनिवार (20 जनवरी) तक आठवीं कक्षा तक के छात्रों के लिए बंद रहेंगे।

उत्तर प्रदेश में बुधवार को तेज बर्फीली हवाओं से रात-दिन का पारा फिर गिर गया। शीतलहर के चलते डीएम ने सभी बोर्डों के प्री से लेकर आठवीं तक के स्कूलों की छुट्टी 18 से 20 जनवरी तक बढ़ा दी है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों में कोई खास राहत की संभावना नहीं है। धुंध और कोहरे के साथ हवाएं भी चलती रहेंगी।

कैसा होगा मध्य प्रदेश का मौसम?

मध्य प्रदेश में ठंड का कहर जारी है। मौसम विभाग ने 18 जनवरी को कई शहरों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। साथ ही 24 जिलों में घना कोहरा छाए रहने की भी चेतावनी जारी की है। छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में आज बारिश की संभावना जताई है। मध्य प्रदेश में उत्तर से आ रही सर्द हवाओं के कारण ठिठुरन बढ़ गई है। बर्फीली हवाओं ने पारा लुढ़का दिया है। इस बीच मौसम विभाग ने कई जिलों में कोल्ड वेव और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है।