पहाड़ों पर हुई बर्फ़बारी की वजह से उत्तरभारत के मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल गया है। सर्द हवाओं के कारण उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, बिहार सहित कई राज्यों में सर्दी काफी ज्यादा बढ़ गई है। इतना ही नहीं कई राज्य शीतलहर की चपेट में भी आ गए हैं। जिसकी वजह से आम जनजीवन पर भी काफी ज्यादा प्रभाव पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक दो सप्ताह में ठंड और ज्यादा बढ़ सकती है।
मौसम विभाग ने राजधानी दिल्ली में अगले तीन दिन तक शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। रविवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं दिल्ली से सटे राजस्थान और हरियाणा में भी ठंड का कहर जारी है। उत्तरी हवाओं के प्रभाव से राजस्थान के कई जिले शीतलहर की चपेट है जहां रात का पारा लगातार दूसरी रात जमाव बिंदु (शून्य डिग्री) से नीचे दर्ज किया गया है। बीती शुक्रवार- शनिवार की दरमियानी रात भी राज्य के सीकर, चूरू, करौली व चित्तौडगढ़ में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया था। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार-रविवार की दरमियानी रात सबसे कम न्यूनतम तापमान फतेहपुर में शून्य डिग्री से नीचे (-) 4.7 डिग्री सेल्सियस, चूरू में (-) 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जयपुर मौसम केन्द्र के निदेशक राधेश्यान शर्मा के अनुसार शनिवार रात को चूरू में पिछले 12 सालों का रिकार्ड तोड़ सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व दिसंबर माह में चूरू में सबसे कम न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 4.6 डिग्री सेल्सियस, 28 दिसंबर 1973 को दर्ज किया गया था। विभाग के अनुसार बीती रात सीकर में न्यूनतम तापमान (-) 2.5 डिग्री सेल्सियस, करौली में (-) 0.6 डिग्री सेल्सियस, और चित्तौडगढ़ में (-) 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं भीलवाडा में रात का तापमान जमाव बिंदु पर, पिलानी में 0.1 डिग्री सेल्सियस, नागौर में 0.2 डिग्री सेल्सियस, अलवर में 0.4 डिग्री सेल्सियस, वनस्थली में 1.5 डिग्री सेल्सियस, हनुमानगढ के संगरिया में 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग के अनुसार राज्य के अधिकतर इलाकों में न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। वहीं अधिकतर हिस्सों में अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस से लेकर 26 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है।
बिहार में भी 10 से 15 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चलने की वजह से तापमान गिरने लगा है। ठंडी बढ़ने के बाद बिहार में कई जगहों पर कोहरा भी बढ़ने लगा है जिसकी वजह से दृश्यता में काफी कमी हो रही है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस साल में बिहार ज्यादा दिन तक ठंड के पड़ने की संभावना है। ठंड बढ़ने की वजह से मौसम साफ़ नहीं होने के कारण पटना एयरपोर्ट पर कई फ्लाइट को रद्द कर दिया गया तो कई फ्लाइट लेट से उड़ी।
मौसम विशेषज्ञों ने उत्तर पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के न्यूनतम तापमान में और गिरावट का अनुमान जताया है। जम्मू कश्मीर और हिमाचल के कई इलाकों में भी जमकर बर्फ़बारी हो रही है। रविवार को जम्मू कश्मीर के श्रीनगर, बारामुला, कुपवाड़ा सहित कई इलाकों में तापमान शुन्य के नीचे दर्ज किया गया। बर्फ जमने की वजह से कश्मीर के कई हिस्सों में जनजीवन काफी प्रभावित हो गया है। मौसम विभाग ने कश्मीर और लद्दाख के इलाकों में 23 से 25 दिसंबर के बीच भारी बर्फ़बारी का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने पंजाब और हरियाणा में भी शीतलहर को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इस बार झारखंड में भी भयंकर ठंड पड़ने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फ़बारी के कारण झारखंड में तेजी से तापमान में कमी आ सकती है। राज्य का पारा 4 डिग्री के नीचे भी लुढ़क सकता है। इस दौरान पूरा राज्य भी शीतलहर की चपेट में आ सकता है। इस बार पश्चिम बंगाल में भी तापमान में अच्छी खासी गिरावट आई है। मौसम विभाग ने कोलकाता का तापमान 13 डिग्री तक रहने का अनुमान जताया है। (भाषा इनपुट्स के साथ)