Weather Forecast Updates: उत्तर भारत में फिलहाल बारिश में ठहराव का वक्त आ गया है। पश्चिमी विक्षोभ काफी अच्छी बारिश और बर्फबारी देने का बाद उत्तर भारत के भागों से आगे निकल गया है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में मौसम अब शुष्क हो जाएगा। हालांकि उत्तराखंड में दोपहर तक, खासकर पूर्वी इलाकों में छिटपुट बारिश होने की संभावना है। पहाड़ों से ठंडी हवाएं पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आने लगी हैं। इन हवाओं का असर आज यानी गुरुवार (30 जनवरी, 2020) को और बढ़ जाएगा। इसके अलावा न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आएगी।

मौसम से जुड़ी जानकारी देने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में आज मौसम शुष्क रहेगा। पूर्वी भारत में बारिश धीरे-धीरे पूर्वोत्तर राज्यों की तरफ आगे बढ़ रही है। पूर्वानुमान के मुताबिक तीस जनवरी की दोपहर तक गंगीय पश्चिम बंगाल और ओडिशा के उत्तरी तटीय भागों में कुछ जगहों पर छिपपुट बारिश जारी रहने की संभावना है। कहीं-कहीं मध्यम गति की बारिश भी देखने को मिल सकती है। असम, मेघालय और नागालैंड में हल्की गरज के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है।।

Live Blog

16:11 (IST)30 Jan 2020
रांची में ऐसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक झारखंड की राजधानी रांची में गुरुवार को दिनभर बादल छाए रहेंगे। 31 जनवरी को आसमान साफ रहने के आसार हैं। जबकि 01 फरवरी को सुबह में कोहरे की धुंध के बाद आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। 

15:39 (IST)30 Jan 2020
इन राज्यों में हल्की बारिश के आसार

स्काईमेट वेदर की रिपोर्ट  के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान बिहार, झारखंड गंगीय पश्चिम बंगाल और ओडिशा में 30 जनवरी की दोपहर या शाम तक हल्की बारिश हो सकती है। अरुणाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है।

14:59 (IST)30 Jan 2020
कानपुर के मौसम का हाल जानिए

शहर में मौसम का मिजाज फिर बदलने वाला है, अभी धूप लेने का आनंद उठा रहे शहरवासियों को फिर कंपकंपाती ठंड से रूबरू होना पड़ सकता है। बुधवार को सुबह से धूप और छांव के बीच सूरज की लुकाछिपी जारी है और मौसम विभाग ने आज और बारिश की संभावना जताई है। मसूरी समेत पहाड़ी इलाकों में भीषण बर्फबारी के बाद मैदानी क्षेत्रों में तापमान में गिरावट की संभावना बढ़ गई है, इस दौरान तेज हवा भी चलेगी।

13:38 (IST)30 Jan 2020
Weather Forecast Update: अगले चौबीस घंटे में बदल सकता है मौसम का मिजाज

Weather Forecast Update: जनवरी का महीना बीतने से पहले एक बार फिर से मौसम बिगड़ सकता है। मौसम के जानकारों का अनुमान है कि 30 जनवरी को उत्‍तर भारत के कई राज्‍यों में बारिश हो सकती है। अगले 24 से 72 घंटों के अंदर दर्जनों शहरों में तेज बारिश और ओलावृष्टि की आशंका है। यह बेमौसम बारिश सेहत के लिए अच्‍छी नहीं है। इससे ठंड भी गहरा जाएगी।

12:40 (IST)30 Jan 2020
Jharkhand Weather Update: झारखंड के मौसम का हाल जानिए

कड़ाके की ठंड के बीच भारी बारिश से राजधानी रांची समेत समूचा झारखंड ठिठुर गया है। गुरुवार सुबह से ही यहां कई शहरों में भारी बारिश शुरू हो गई। सर्दी-कनकनी के चलते लोग देर तक घरों में दुबके रहे। घने कोहरे के कारण विजिवलिटी भी आम दिनों के मुकाबले बेहद कम है। रांची के अलावा कोडरमा, चतरा, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग आदि शहरों में भी बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित है।

11:48 (IST)30 Jan 2020
Delhi Weather Forecast: दिल्ली के मौसम का हाल जानिए

राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार सुबह कोहरा छाने के साथ ही न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि सुबह साढ़े आठ बजे कोहरे की वजह से पालम और सफदरजंग वेधशाला में दृश्यता क्रमश: 200 मीटर और 800 मीटर रही। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सुबह नौ बजे 177 रहा जो कि ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। उत्तर रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि उत्तरी राज्य जाने वाली 20 ट्रेनें करीब एक से तीन घंटे देरी से चल रही हैं। हवा में आर्द्रता का स्तर सुबह साढ़े आठ बजे 100 प्रतिशत रहा। दिन में मौसम साफ रहने के साथ ही 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। वहीं अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

10:38 (IST)30 Jan 2020
वीडियो के जरिए जानिए देशभर के मौसम का हाल