दिल्ली एनसीआर में शनिवार की सुबह हुई हल्की बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। इससे दिल्ली एनसीआर में मौसम का मिजाज बदल गया है और आसमान में अभी भी हल्के बादल छाए हैं और हल्की हवा भी चल रही है। दिल्ली में शनिवार को फिर से बारिश होने के आसार हैं। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, आज हरियाणा के हिसार, जींद, भिवाड़ी, रोहतक, झज्जर में भी बारिश होने की संभावना है।

दिल्ली में इस बार जल्दी दस्तक दे देगा मानसून: मौसम जानकारों का कहना है कि राजधानी दिल्ली में इस बार पहले की अपेक्षा तीन चार दिन पहले मॉनसून दस्तक दे  देगा। अमूमन दिल्ली में मानसून 27 जून को दस्तक देता था लेकिन इस बार राजधानी में 22-23 जून तक मानसून पहुंच जाएगा।

मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को यूपी के भी कुछ इलाकों में बारिश के आसार हैं। इनमें अमरोहा, दादरी, नरौरा, अलीगढ़, हाथरस, एटा बिजनौर, मुजफ्फरनगर, बागपत, मोदीनगर, मेरठ, बंदायू और उसके आसपास के इलाके प्रमुख हैं। अगले सप्ताह की शुरुआत में दिल्ली में मानसून दस्तक दे सकता है।

मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर पश्चिम भारत के अधिकतर हिस्सों में 21-25 जून के बीच मानसून पहुंच जाएगा। 21-22 जून को यह पश्चिमी यूपी और उत्तराखंड में पहुंच सकता है। वहीं 22-23 जून को उत्तर पूर्व राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली में दस्तक दे सकता है।

Live Blog

Highlights

    18:18 (IST)20 Jun 2020
    अगले सात दिन तक बारिश से राहत

    मौसम जानकारों का कहना है कि अगले सात दिन तक दिल्ली एनसीआर में ऐसे ही बादल छाए रहेंगे और तापमान 35 डिग्री से 41 डिग्री के बीच बना रहेगा। शनिवार की सुबह इलाके में कई जगहों पर बारिश हुई जिसके चलते लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली।

    17:27 (IST)20 Jun 2020
    दिल्ली-एनसीआर के लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली

    शनिवार सुबह हुई बारिश से दिल्ली-एनसीार के लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है। मौसमी गतिविधियों में बदलाव के चलते शनिवार को दिनभर बादल छाए रहने के साथ शाम तक तेज झोंकेदार हवा के साथ हल्की बारिश होने के भी आसार हैं। शाम तक बारिश का एक दौर और चला तो लोगों को उमस से काफी हद तक राहत मिल सकती है।

    17:12 (IST)20 Jun 2020
    काशी में पहुंचे मानसून, बारिश से शहर की गलियां लबालब

    काशी में पहुंचे मानसून ने तापमान में भी भारी गिरावट ला दिया है। बारिश से शहर की गलियां लबालब हो गईं। हालांकि खेतों की क्यारियों में उतना पानी नहीं भर पा रहा है। इस मानसून में बाबतपुर, पिंडरा, फूलपुर सहित कुछ क्षेत्र मानसून के सैडो जोन में हैं। यहां पर कम बारिश होती है। उन्होंने बताया कि बारिश एवं बादलों का मौसम अभी 22 जून तक ऐसे ही रह सकता है। इसके बाद ही कुछ सुधार होने की उम्मीद है।

    16:55 (IST)20 Jun 2020
    उधर झारखंड में एक चक्रवात बना हुआ है

    उधर झारखंड में एक चक्रवात बना हुआ है। उसका प्रभाव भी दक्षिण-पश्चिम मानसून पर पड़ रहा है। मौसम विज्ञानी बताते हैं कि पिछले 24 घंटे से प्रदेश में मानसून सक्रिय है। लखीसराय में 15, अरवल 8 एवं जहानाबाद में 6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। 

     

     
    16:03 (IST)20 Jun 2020
    दक्षिण-पश्चिम मानसून की ट्रफ लाइन फिलहाल बिहार से होकर ही गुजर रही है

    बिहार पर फिलहाल मानसून विशेष रूप से मेहरबान है। दक्षिण-पश्चिम मानसून की ट्रफ लाइन फिलहाल राज्य से होकर ही गुजर रही है। इस कारण आजकल प्रदेश में भारी बारिश हो रही है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार अगले दो दिनों तक प्रदेश के विभिन्न भागों में इसी तरह बारिश होती रहेगी। 

    14:20 (IST)20 Jun 2020
    बिहार में बारिश का दौर जारी

    बिहार कृषि विभाग के अधिकारी के मुताबिक राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में अच्छी बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटे में बिहार में 9.7 मिलीमीटर बारिश हुई है। वहीं गया में 12.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।

    13:24 (IST)20 Jun 2020
    राजस्थान में जारी रहेगा लू का कहर

    राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान में लू की स्थिति बनी रहेगी। शनिवार को हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, चूरू, बीकानेर, नागौर, पाली जैसलमेर आदि जिलों में गर्म हवाएं चल सकती हैं।

    13:23 (IST)20 Jun 2020
    इन राज्यों में आज बारिश का अनुमान

    मौसम की जानकारी देने वाली एजेंसी स्काईमेट के अनुसार, शनिवार को बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, पूर्वी और दक्षिणी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तटीय कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

    12:58 (IST)20 Jun 2020
    दिल्ली में आज छाए रहेंगे बादल, गर्मी से रहेगी राहत

    मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में आज दिनभर आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। इसके साथ ही हल्की बारिश की भी संभावना है। शनिवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं।