IMD Weather Forecast: शुक्रवार को पंजाब के कई इलाकों में घना कोहरा रहने का अनुमान है। शनिवार, रविवार और नए साल के पहले दिन कोहरे को लेकर ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। IMD ने अगले चार से पांच दिनों के लिए हरियाणा और चंडीगढ़ के विभिन्न इलाकों में घने से घना कोहरा रहने का अनुमान जताया है। पंजाब और हरियाणा पिछले कई दिनों से घने कोहरे का प्रकोप झेल रहे हैं।
IMD चंडीगढ़ के वैज्ञानिक शविंदर सिंह ने इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में कहा कि पंजाब और हरियाणा में अगले चार से पांच तक न्यूनतम तापमान को ज्यादा बदलाव नहीं होगा लेकिन अधिकतम तापमान तीन से चार डिग्री कम होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि लोगों को घने कोहरे के अलावा दिन के समय में सर्दी का सामना करना पड़ सकता है।
दिल्ली में कैसे कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली में गुरुवार को घने कोहरे की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। विजिबिलिटी कम होने से रेलगाड़ियों का परिचालन भी प्रभावित हुआ और दिल्ली आने वाली 22 रेलगाड़ियां निर्धारित समय से देरी से चल रहीं हैं। IMD ने 31 दिसंबर तक हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में घने कोहरे की चेतावनी भी जारी की है।
कहां-कहां रहा कोहरा?
IMD के अनुसार, यूपी के कुछ स्थानों तथा हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, दक्षिण पश्चिम राजस्थान तथा उत्तरी मध्य प्रदेश के दूर दराज के इलाकों में घने से बेहद घना कोहरा छाया रहा। पटियाला, अंबाला, चंडीगढ़, हरियाणा, दिल्ली, पालम, बरेली, लखनऊ, वाराणसी और ग्वालियर में विजिबिलिटी 30 मीटर से कम रही।