Weather forecast Today India  Updates: दक्षिण पश्चिम मानसून अब गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के कुछ और भागों से विदा ले चुका है। इस समय एक चक्रवाती हवाओं का अक्षेत्र महाराष्ट्र पर बना हुआ है। एक ट्रफ रेखा इस सिस्टम से केरल तक जा रही है और इस सिस्टम के चलते केरल और दक्षिणी कर्नाटक पर एक दो जगहों पर भारी बारिश का अनुमान है। इस बीच उत्तरी कर्नाटक में कुछ जगह हल्की बारिश हो सकती है। एक अन्य चक्रवाती हवाओं का अक्षेत्र तमिलनाडु के तट पर भी बना हुआ है। इसके चलते आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और आंतरिक तमिलनाडु में बारिश जारी रहेगी।

चेन्नई, कोच्चि, बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे शहरों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश आगे क्रम में है। देश के मध्य भागों की बात करें तो यहां राजस्थान में एक विपरीत चक्रवाती का अक्षेत्र बने होने के चलते अब मानसून लगभग अब पूरी तरह विदाई ले चुका है। यहां रात के तापमानों गिरावट आनी शुरु हो चुकी है। कई स्थानों पर सुबह के समय धुंध देखनी को मिली है।।

मौसम से जुड़ी जानकारी देने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक मध्य महाराष्ट्र में कुछ जगहों पर हल्की बारिश की संभावना है। हालांकि मुंबई में बारिश होने का अनुमान नहीं है। इस दौरान पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में तट से लगी एक ट्रफ रेखा के कारण ओडिशा में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। वहीं बिहार का मौसम शुष्क ही रहेगा। पूर्वोत्तर भारत में बारिश कुछ घटेगी और कुछ दक्षिणी जिलों में हल्की बारिश से इनकार नहीं किया जा सकता है।

देश के उत्तरी हिस्से की बात करें तो यहां अभी मौसम शुष्क ही बना रहेगा। पूर्वी हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में एक दो जगहों पर कुछ बारिश देखी जा सकती है। पजांब, हरियाणा और दिल्ली में सुबह के समय धुंध छाई रहेगी और दिल्ली में प्रदूषण अब हवा की गुणवत्ता को खराब करता नजर आएगा।

Live Blog

11:33 (IST)14 Oct 2019
वीडियो के जरिए देशभर के मौसम का हाल

20:47 (IST)13 Oct 2019
देश के कई हिस्सों में बारिश

मानसून के लौटने के साथ ही देश के कई हिस्सों में भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों और कर्नाटक के तटीय इलाकों में भारी बारिश की संभावना है।

17:04 (IST)13 Oct 2019
इन राज्यों में बारिश के आसार

मौसम विभाग का कहना है कि शनिवार को पश्चिम बंगाल के गंगेय क्षेत्रों, ओडिशा और झारखंड के दक्षिणी इलाकों में में हल्की बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, उत्तर प्रदेश और बिहार में मौसम शुष्क बना रहेगा।

15:14 (IST)13 Oct 2019
गुजरात के मौसम का हाल जानिए

मौसम विभाग के मुताबिक, एक बार फिर गुजरात में मानसून ने वापसी की है। जिसकी वजह से वहां का तापमान 40 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। मानसून के वापसी की वजह इस साल देरी से शुरू होना है। पूरे उत्तर-पश्चिम भारत, मध्य भारत में वापसी की है। इस वक्त मानसून की वापसी रेखा फारबिसगंज, डाल्टनगंज, जबलपुर, उज्जैन, अहमदाबाद और नलिया से होकर गुजर रही है। ऐसे में यहां का मौसम काफी नम रहने वाला है।

13:17 (IST)13 Oct 2019
बदलते मौसम में बरते सावधानियां

मौसम बदल रहा है, सुबह और शाम हल्की ठंड पड़ने लगी है। ठंड के साथ वातावरण में बैक्टीरिया और वायरस से पैदा होने वाली बीमारियों यानी बैक्टीरियल और वायरल संक्रमण का खतरा भी बढ़ गया है। मौसम का यह मिजाज हर साल लोगों को बीमार कर जाता है। बीमार पड़ने वालों में बच्चों की संख्या ज्यादा होती है। कारण कि बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होती है, सो बदलते मौसम का असर उन पर सबसे पहले होता है। ऐसे में जरूरी है कि थोड़ा सर्तक रहें और बच्चों को बीमार होने से बचाया जाए। नीचे दिए लिंक पर क्लिक कर जानिए बदलते  मौसम में कैसे रखें बच्चों का ख्याल।

https://www.jansatta.com/sunday-magazine/jansatta-ravivari-column-on-babysitting-in-the-changing-season/1185602/

11:40 (IST)13 Oct 2019
दिल्ली की वायु गुणवत्ता भी जानिए

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दिल्ली की वायु गुणवत्ता अगले दो-तीन हफ्तों में जबर्दस्त रूप से बिगड़ने की आशंका नहीं है, क्योंकि हवा की गति इतनी तेज नहीं है कि हरियाणा और पंजाब में पराली जलाने के धुएं को दिल्ली ले आए। बीते कुछ वर्षों में इस समय की तुलना में इस साल एक्यूआई काफी बेहतर है। इसका कारण आंशिक रूप से दिल्ली के आसपास के क्षेत्रों में अपेक्षाकृत गर्म तापमान के साथ पर्याप्त नमी है। अधिकारी ने बताया, ‘‘दिल्ली की वायु गुणवत्ता दो अक्टूबर तक संतोषजनक और नौ अक्टूबर तक मध्यम श्रेणी में थी। यह गुरुवार को पहली बार खराब श्रेणी में चली गई थी।’’ उन्होंने बताया, ‘‘ पिछले साल, सात अक्टूबर को शहर की गुणवत्ता बहुत खराब हो गई थी।’’ हरियाणा और पंजाब में बायोमास जलाने से दिल्ली का एक्यूआई प्रभावित हो सकता है। पंद्रह अक्टूबर से दिल्ली और आसपास के इलाकों में वायु प्रदूषण पर लगाम कसने के लिए कड़े उपाय अमल में आएंगे । यह ‘ग्रेडेड रिस्पान्स एक्शन प्लान’ का हिस्सा है जो 2017 में पहली बार दिल्ली-एनसीआर में लागू किया गया था

10:36 (IST)13 Oct 2019
दिल्ली के मौसम का हाल जानिए

राष्ट्रीय राजधानी की वायु गुणवत्ता शनिवार को लगातार तीसरे दिन ‘खराब’ श्रेणी में रही। हवा के और खराब होने की आशंका है। हालंकि विशेषज्ञों का कहना है कि स्थिति पिछले कुछ सालों के मुकाबले इन दिनों बेहतर है। केंद्र द्वारा संचालित वायु गुणवत्ता एवं मौसम पूर्वानुमान और अनुसंधान प्रणाली (सफर) के मुताबिक, समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 221 दर्ज किया गया है, जो खराब श्रेणी में आता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने भी शाम चार बजे एक्यूआई 222 दर्ज किया है। अनुमान जताया गया है कि रविवार को दिल्ली की हवा और खराब हो सकती है तथा एक्यूआई के 256 अंक तक पहुंचने के आसार हैं। सफर ने कहा कि दिल्ली का प्रदूषण स्तर अक्टूबर के तीसरे हफ्ते तक ‘बहुत खराब’ श्रेणी में चला जाएगा।

09:53 (IST)13 Oct 2019
वीडियो के जरिए जानिए देशभर के मौसम का हाल