Weather Forecast Today Updates, Cyclone Maha: बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव वाला क्षेत्र बन रहा है, जिसके आने वाले दिनों में चक्रवात का रुप लेने के आसार बने हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, इस चक्रवात के चलते इस हफ्ते के अंत में ओडिशा में भारी बारिश हो सकती है। बीते अक्टूबर के अंत में भी ओडिशा में ऐसे ही चक्रवात के चलते भारी  बारिश हुई थी, जिसमें 6 लोगों की मौत भी हो गई थी।

अरब सागर से उठे चक्रवाती तूफान ‘महा’ के असर के चलते महाराष्ट्र, गुजरात में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। तूफान के आगामी 6 नवंबर को गुजरात के तट से टकराने के आसार हैं, जिससे 6-8 नवंबर तक भारी बारिश हो सकती है। तूफान की आशंका के चलते मौसम विभाग ने मछुआरों को भी समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है। बताया जा रहा है कि महा तूफान का असर मध्यप्रदेश में भी देखने को मिल सकता है और राज्य के इंदौर, उज्जैन, भोपाल, होशंगाबाद जैसे इलाकों में भारी बारिश होने के आसार हैं।

दूसरी तरफ, दिल्ली में प्रदूषण का स्तर रविवार को तीन साल में सबसे खराब स्तर पर पहुंच गया और इसके कारण परेशानी झेल रहे सैकड़ों लोगों ने सोशल मीडिया के माध्यम से इच्छा व्यक्त की कि वे खराब वायु गुणवत्ता के कारण शहर छोड़कर जाना चाहते हैं।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को शाम चार बजे 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 494 दर्ज किया गया जो छह नवंबर 2016 के बाद से सर्वाधिक है। उस दिन एक्यूआई 497 था। दिल्ली के 37 वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों में से 21 में एक्यूआई 490 से 500 के बीच दर्ज किया गया।

Live Blog

21:41 (IST)04 Nov 2019
चक्रवाती तूफान 'महा' के चलते इन राज्यों में होगी बारिश

चक्रवाती तूफान महा के असर के चलते राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, ओडिशा, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और पंजाब में बारिश होने की संभावना है। 

19:48 (IST)04 Nov 2019
चंडीगढ़ और आसपास के इलाकों में बारिश के आसार

ईरान-अफगानिस्तान में एक कम दबाव वाला क्षेत्र सक्रिय हो रहा है, जिसकी वजह से 5 नवंबर से मौसम में बदलाव आने की संभावना है। 6 और 7 नवंबर को चंडीगढ़ और उसके आसपास के इलाकों में बारिश होने की संभावना है।

18:02 (IST)04 Nov 2019
इस सप्ताह तटवर्ती ओडिशा में बरस सकते हैं बादल

बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के चलते तटवर्ती ओडिशा में इस सप्ताह के अंत तक बारिश होने का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, कम दबाव के चलते चक्रवाती हवाओं का असर बन रहा है, जो कि कुछ दिनों में बंगाल की खाड़ी से उत्तर पश्चिम की तरफ बढ़ेगा, जिससे ओडिशा में बारिश की संभावना है।

17:57 (IST)04 Nov 2019
जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश में भी हो सकती है भारी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, इस चक्रवाती तूफान के असर के चलते जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी भारी बारिश हो सकती है।

16:46 (IST)04 Nov 2019
चक्रवाती तूफान महा के चलते रद्द हो सकता है भारत-बांग्लादेश के बीच का मैच

चक्रवाती तूफान महा आगामी 6 नवंबर को गुजरात के तटवर्ती इलाकों से टकरा सकता है, जिसके चलते मौसम विभाग ने गुजरात के कई इलाकों में भारी बारिश की आशंका जाहिर की है। वहीं भारत और बांग्लादेश के बीच जारी टी20 सीरीज का दूसरा मैच गुजरात के राजकोट में 7 नवंबर को खेला जाएगा। माना जा रहा है कि इस मैच में बारिश खलल डाल सकती है और यह मैच रद्द हो सकता है।

16:34 (IST)04 Nov 2019
महाराष्ट्र में भी हो सकती है भारी बारिश

चक्रवात 'महा' के कारण महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने रविवार को कहा कि चक्रवाती तूफान ''महा'' के कारण 6 से 8 नवंबर के दौरान महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के आसार हैं।

15:32 (IST)04 Nov 2019
चक्रवात महा से प्रभावित हो सकता है भारत-बांग्लादेश के बीच दूसरा टी-20 मैच

चक्रवात महा से गुजरात के राजकोट में भारत-बांग्लादेश के बीच खेला जाने वाला दूसरा टी-20 मैच प्रभावित हो सकता है। मौसम विभाग ने चक्रवात महा के कारण भारी बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। मौसम विभाग का कहना है कि चक्रवात महा के कारण सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात में भारी बारिश हो सकती है।

15:28 (IST)04 Nov 2019
कानपुर में धुंध की चादर, हवा की गुणवत्ता गंभीर स्तर पर पहुंची
13:41 (IST)04 Nov 2019
पंजाब में अभी भी पराली जला रहे किसान

पंजाब के लुधियाना में किसानों का पराली जलाना जारी है। लुधियाना के कोट माना गांव में पराली जलाने की तस्वीरें सामने आई हैं।

13:18 (IST)04 Nov 2019
देश के दक्षिण, मध्य भागों में बारिश जारी
12:27 (IST)04 Nov 2019
आंध्रप्रदेश, तमिलनाडु में मानसून के बाद अब मौसम गर्म

आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में मानसून खत्म होने के बाद एक बार फिर से यहां मौसम गर्म हो गया है।

11:23 (IST)04 Nov 2019
प्रदूषण से परेशान 40 प्रतिशत लोग छोड़ना चाहते हैं शहरः सर्वे

रविवार को जारी एक सर्वेक्षण के अनुसार वायु प्रदूषण के कारण दिल्ली और एनसीआर के 40 प्रतिशत से अधिक निवासी शहर छोड़ कर कहीं और बसना चाहते हैं जबकि 16 प्रतिशत निवासियों ने इस दौरान शहर से बाहर जाने की इच्छा प्रकट की। दिल्ली और एनसीआर के 17,000 निवासियों ने इस सर्वेक्षण में हिस्सा लिया।

11:07 (IST)04 Nov 2019
दिल्ली में सुबह प्रदूषण के कारण धुंध छाई

दिल्ली में सोमवार सुबह प्रदूषण के कारण धुंध छाई रही और न्यूनतम तापमान 18.9 डिग्री सेल्सियस रहा जो इस मौसम के औसत से चार डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि अधिकतम तापमान के 28 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने की उम्मीद है। अधिकारियों ने पूर्वानुमान व्यक्त किया कि सुबह आसमान साफ रहेगा और दिन में 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। 

10:26 (IST)04 Nov 2019
महाराष्ट्र में सीएम ने लिए बेमौसम बरसात से हुए फसल नुकसान का जायजा

महाराष्ट्र में सरकार गठन को लेकर जारी गतिरोध के बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे राज्य में उन क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं, जहां बेमौसम बारिश के कारण फसल नष्ट हुई है। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने बताया कि फडणवीस ने रविवार को अकोला में किसानों से मुलाकात की और नष्ट फसलों का मुआयना किया। वहीं, शिवसेना की ओर से जारी बयान के अनुसार ठाकरे रविवार को औरंगाबाद जिले में पहुंचे जहां कन्नड़ और वैजापुर तालुका में फसलों को काफी नुकसान हुआ है।

09:02 (IST)04 Nov 2019
प्रदूषण को लेकर पर्यावरणविदों के एक समूह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखा पत्र

पर्यावरणविदों के एक समूह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर अनुरोध किया कि वे ‘‘बच्चों, बुजुर्गों समेत प्रदूषण से सर्वाधिक प्रभावित लोगों को’’ बचाएं। केंद्रीय कैबिनेट सचिव राजीव गौबा दिल्ली और पड़ोसी राज्यों में प्रदूषण की खतरनाक स्थिति पर प्रतिदिन नजर रखेंगे। प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव पी के मिश्रा की अध्यक्षता में रविवार को हुई उच्च स्तरीय बैठक में यह फैसला लिया गया। मिश्रा ने राष्ट्रीय राजधानी और उत्तर भारत के अन्य हिस्सों में गंभीर वायु प्रदूषण के कारण उत्पन्न हालात की समीक्षा की। एक बयान के अनुसार बैठक में दिल्ली के अधिकरियों के अलावा पंजाब और हरियाणा सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये हिस्सा लिया।

08:40 (IST)04 Nov 2019
दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, यूपी में धुंध की चादर

नासा के उपग्रह से ली गई तस्वीरों में पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार के अलावा झारखंड एवं पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में धुंध की चादर छाई हुई है। मौसम की जानकारी देने वाली निजी कंपनी ‘स्काईमैट वेदर’ के एक वरिष्ठ वैज्ञानिक महेश पलावत ने कहा, ‘‘रविवार को वायु की गति काफी बढ़ गई थी, लेकिन कहीं-कहीं बारिश के बाद आर्दता बढ़ने के कारण धुंध और छाए बादलों ने सूर्य की किरणों को जमीन पर नहीं पहुंचने दिया। इसके परिणामस्वरूप जमीन के निकट वायु ठंडी एवं भारी रही।’’