पूर्व केंद्रीय मंत्री विष्णुदेव साय 13 दिसंबर को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। विष्णुदेव साय को भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया है और वह छत्तीसगढ़ के अगले मुख्यमंत्री होंगे। विष्णुदेव साय के साथ दो उप मुख्यमंत्री भी शपथ लेंगे। वर्तमान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव और विजय शर्मा उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
पीएम मोदी भी समारोह में होंगे शामिल
छत्तीसगढ़ के राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन विष्णुदेव साय को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलवाएंगे। हालांकि कितने मंत्री शपथ लेंगे, इसको लेकर अभी तस्वीर साफ़ नहीं है। शपथ ग्रहण समारोह काफी भव्य होने की उम्मीद है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत बीजेपी के कई बड़े नेता इस शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह को भाजपा ने विधानसभा अध्यक्ष बनाने का फैसला किया है। रमन सिंह 15 साल तक छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रहे थे और बीजेपी के वरिष्ठ नेता हैं। लेकिन अब वह विधानसभा अध्यक्ष की कुर्सी संभालेंगे। विष्णुदेव साय पूर्व सीएम रमन सिंह के करीबी माने जाते हैं और उन्होंने ही विधायक दल की बैठक में विष्णुदेव साय के नाम का प्रस्ताव रखा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़ की कुनकुरी विधानसभा से आते हैं। राज्य में आदिवासी समुराय की आबादी सबसे अधिक है और साय इसी समुदाय हैं। विष्णुदेव साय 2020 में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे हैं। सांसद और केंद्रीय मंत्री भी रहे हैं। विष्णुदेव राय की गिनती संघ के करीबी नेताओं में होगी है। वह रमन सिंह के भी करीबी हैं। साल 1999 से 2014 तक वह रायगढ़ से सांसद रहे हैं। मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में साय को केंद्र में मंत्री बनाया गया।
आदिवासी वोटबैंक पर नजर
छत्तीसगढ़ में लोकसभा की 11 सीटें हैं। इसमें से 9 भाजपा के सांसद हैं। राज्य की बस्तर, कांकेर, सरगुजा और रायगढ़ लोकसभा आदिवासी आरक्षित सीटें हैं। इसमें से बस्तर पर कांग्रेस का कब्जा है जबकि बाकि तीनों पर बीजेपी के सांसद हैं। ऐसे में बीजेपी हर हाल में अपने प्रदर्शन को आने वाले लोकसभा चुनाव में दोहराना चाहेगी।