राजस्थान में भाजपा की वसुंधरा सरकार के 13 दिसंबर को दो साल पूरे होने के मौके पर जश्न मनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इससे पहले ही मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भाजपा नेताओं और विधायकों को सरकार में राजनीतिक नियुक्तियां देकर मंत्री स्तर का दर्जा दे सकती हैं। सरकार में पद पाने के लिए नेताओं और विधायकों ने दौड़ धूप भी तेज कर दी है। इस बार मुख्यमंत्री बड़ी संख्या में विधायकों को संसदीय सचिव बना कर उन्हें लालबत्ती का तोहफा देने की तैयारी में हैं।
राज्य में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे अपने दूसरे कार्यकाल की दूसरी वर्षगांठ को बडेÞ पैमाने पर मनाएंगी। इसके लिए प्रदेश भर से भाजपा कार्यकर्ताओं का जयपुर में जमावड़ा किया जाएगा। सरकार के साथ ही प्रदेश भाजपा संगठन भी इस मौके पर प्रदेश भर में कार्यक्रम आयोजित करेगा। प्रदेश भाजपा के सचिव मुकेश दाधिच ने बताया कि जयपुर में होने वाले कार्यक्रम में बूथ स्तर से लेकर केंद्रीय मंत्रियों तक को बुलाया जाएगा। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को भी बुलाने की योजना है और उन्हें न्योता भी दिया गया है। कार्यकर्ताओं को बुलाने के लिए प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी और मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की तरफ से निमंत्रण पत्र भेजे जाएंगे। सरकार के दो साल पूरे होने पर मुख्यमंत्री कई जनकल्याणकारी योजनाओं की लांचिंग भी करेंगी। प्रदेश भाजपा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए लगातार बैठकें कर रही है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अशोक परनामी और राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री प्रभारी वी सतीश पदाधिकारियों को निर्देश दे रहे हैं। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे हाल में अपने दिल्ली दौरे के दौरान अमित शाह समेत कई केंद्रीय मंत्रियों से मिली थीं। राजे ने इन सभी को अपनी सरकार की दूसरी वर्षगांठ के कार्यक्रम में शामिल होने का न्योता दिया है।
संसदीयकार्य मंत्री राजेंद्र राठौड़ का कहना है कि प्रदेश में सरकार ने दो साल में जनहित में कई योजनाएं लागू की हैं। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के नेतृत्व में राजस्थान तरक्की कर रहा है। सरकार की दो साल की उपलब्धियों की जानकारी देने के लिए प्रभारी मंत्री अपने जिलों का दौरा करेंगे। सरकार के मंत्री जिलों में सरकार की योजनाओं की जानकारी आम जनता को देंगे और उनकी समस्याओं की जानकारी भी लेंगे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अशोक परनामी का कहना है कि दो साल के कार्यकाल में सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी उतरी है। इस दौरान संगठन और सरकार ने तालमेल से काम कर आम जनता की समस्याओं का समाधान किया है। प्रदेश भाजपा दफतर में मंत्रियों का जनसुनवाई कार्यक्रम बेहद सफल रहा है। संगठन की तरफ से सरकार के दो साल पूरे होने पर समारोह किया जाएगा।
दूसरी तरफ इस मौके पर भाजपा नेताओं को भी सत्ता सुख नसीब हो सकता है। सरकार के बोर्ड और निगमों के साथ ही आयोगों में भी राजनीतिक नियुक्तियां हो सकती हैं। भाजपा के कई नेता इन नियुक्तियों की मुख्यमंत्री से उम्मीद लगाए हुए हैं। भाजपा सूत्रों का कहना है कि राजनीतिक नियुक्तियों के लिए पार्टी आलाकमान से मुख्यमंत्री को मंजूरी मिल गई है। पार्टी से जुड़े लोगों को सरकार में नियुक्तियां देने के लिए प्रदेश अध्यक्ष परनामी और मुख्यमंत्री के बीच मंत्रणा हो गई है। इन नियुक्तियों में आरएसएस की सिफारिश को भी महत्व दिया जाएगा। संघ ने ज्यादातर अकादमियों में अपनी विचारधारा से जुडे लोगों को बैठाने का दबाव बनाया हुआ है। प्रदेश में भाजपा के विधायकों की बडी संख्या को देखते हुए उन्हें संतुष्ट करने के लिए मुख्यमंत्री का जोर है। इसके लिए विधायकों को बडी संख्याा में संसदीय सचिव बनाने की भी तैयारी की गई है। इससे विधायकों मंत्री का दर्जा मिल जाएगा।