जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर हुए मंगलवार को हुए भूस्खलन में मरने वालों की संख्या बढ़कर 33 हो गई है। करीब 20 लोग इस हादसे में घायल भी हुए हैं। पीएम नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने X पर एक पोस्ट कर कहा कि वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर हुए भूस्खलन के कारण हुई जनहानि दुखद है।
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, “श्री माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर हुए भूस्खलन के कारण हुई जनहानि दुखद है। मेरी संवेदनाएंं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। ईश्वर करे कि घायल जल्द से जल्द स्वस्थ हों। प्रशासन सभी प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है। मैं सभी की सुरक्षा और कुशलक्षेम के लिए प्रार्थना करता हूं।”
LG ने किया पीड़ित परिवारों की आर्थिक मदद का ऐलान
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा बुधवार दोपहर कटरा पहुंचे। यहां उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह घटना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। कल दोपहर बादल फटने के कारण यात्रा स्थगित कर दी गई थी, लेकिन अर्धकुंवारी के पास बादल फटने से कई लोग पानी के बहाव में बह गए। कई अनमोल जानें गईं और कई घायल हुए।
मनोज सिन्हा ने यह भी कहा, “कई मृतकों की पहचान हो गई है और उनके शव घर भेजने की व्यवस्था की जा रही है। श्राइन बोर्ड की नीति के अनुसार, 5 लाख रुपये दिए जाते हैं और आपदा प्रबंधन भी मृतकों के परिवारों को 4 लाख रुपये देगा… मैंने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से बात की है। प्रशासन पूरी तत्परता से राहत और बचाव कार्यों में लगा हुआ है।”
प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या बताया कैसा था मंजर
वैष्णो देवी मंदिर दर्शन के बाद कटरा पहुंंचे बनारस निवासी श्रद्धालु सतीश कुमार ने बताया कि उनके सामने भूस्खलन की घटना हुई। उन्होंंने बताया कि सबसे पहले भूस्खलन गर्भजून गुफा के पास शुरू हुआ। इसके बाद अफरातफरी के हालात बन गए, प्रशासन के लोग घायल लोगों को लेकर नीचे आए हैं। अभी यात्रा बंद है, श्रद्धालु ताराकोट मार्ग से नीचे आ रहे हैं।
अमृतसर निवासी सन्नी गिरी ने बताया कि उनके साथ आए लोग मिसिंग हैं, उनसे कोई कॉन्टेक्ट नहीं हो पाया है। एक अन्य श्रद्धालु ने बताया कि पूरे रास्ते में बारिश हो रही थी, जब हम वापस लौट रहे थे तब पहाड़ नीचे गिर गया। हम अर्धकुंवारी पर रुके, डर महसूस हो रहा था। हमें पता चला कि रास्ता बंंद कर दिया गया है। नया रास्ता चार घंटे बाद खोला गया। हम नए रास्ते से नीचे आए हैं, अभी यात्रा रोक दी गई है।
यह भी पढ़ें: नवरात्रि में वैष्णो देवी जाने का बना रहे हैं प्लान, यात्रा को आसान बनाने के लिए इन बातों का रखें ध्यान