उत्तरप्रदेश में कोरोना का संक्रमण पूरी तरह से बेकाबू हो गया है। उत्तरप्रदेश में सबसे ज्यादा ख़राब हालात लखनऊ के हैं। रविवार को लखनऊ से भाजपा विधायक रहे सुरेश श्रीवास्तव की पत्नी मालती श्रीवास्तव की मौत कोरोना महामारी की वजह से हो गई। दो दिन पहले शुक्रवार को भाजपा विधायक सुरेश श्रीवास्तव की भी मौत कोरोना की वजह से हो गई थी। भाजपा विधायक के साथ उनकी पत्नी और बेटे भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। भाजपा विधायक के बेटे की हालत भी गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज लखनऊ के ही एक अस्पताल में चल रहा है।
लखनऊ पश्चिम सीट से भाजपा विधायक रहे सुरेश श्रीवास्तव के कोरोना संक्रमित होने के बाद उन्हें लखनऊ के ही संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया था। जहां उनको सात दिनों तक वेंटिलेटर पर रखा गया था। बीते शुक्रवार को भाजपा विधायक का निधन हो गया। वहीं उनकी पत्नी मालती श्रीवास्तव का इलाज सेंट जोसेफ़ हॉस्पिटल में चल रहा था। जहां इलाज के दौरान ही उनका निधन हो गया। उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा विधायक सुरेश श्रीवास्तव की पत्नी मालती श्रीवास्तव के निधन पर शोक जताया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने भी भाजपा विधायक की पत्नी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। जानकारी के अनुसार भाजपा विधायक सुरेश श्रीवास्तव का वाहन चालक भी कोरोना संक्रमित था और उसका भी निधन कुछ दिन पहले हो चुका है। भाजपा विधायक सुरेश श्रीवास्तव श्रीवास्तव लंबे समय से जनसंघ और भाजपा से जुड़े हुए थे। भाजपा विधायक की मौत के बाद देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी ट्वीट कर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि दी थी।
उत्तरप्रदेश में कोरोना के तेजी से बढ़ते संक्रमण की वजह से हाहाकार मचा हुआ है। बीते दिनों औरैया से भाजपा विधायक रमेश दिवाकर और उत्तर प्रदेश सरकार में दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री हनुमान मिश्रा की मौत कोरोना महामारी की वजह से हो गई थी। इसके अलावा राज्य के कई विधायक और मंत्री भी कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। यहां तक कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी पिछले दिनों अपने संक्रमित होने की सूचना दी थी और उन्होंने खुद को आइसोलेट कर लिया था।
उत्तरप्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 35,614 नए मामले सामने आए हैं। राज्य में अभी सक्रिय मामलों की कुल संख्या 2,97,616 है। साथ ही उत्तरप्रदेश में अबतक कुल 11,165 लोगों की मौत इस महामारी की वजह से हो चुकी है।