उत्तर प्रदेश में देवरिया शेल्टर होम सेक्स रैकेट के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सांसद और मशहूर अदाकारा हेमा मालिनी ने हैरान करने वाला बयान दिया है। मंगलवार (सात अगस्त) को उन्होंने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा, “यह घटना दुख है। लेकिन अब क्या करें!” हालांकि, सांसद ने इस मसले पर और कोई टिप्पणी नहीं की। खास बात है कि उनका यह बयान तब आया है, जब विपक्षी दलों के नेता इस मामले को लेकर यूपी सरकार को घेर रहे हैं और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
हेमा, यूपी के मथुरा से सांसद हैं। उनके ताजा बयान पर विवाद बढ़ भी सकता है, क्योंकि विपक्ष पहले से ही सरकार के खिलाफ शेल्टर होम कांड को लेकर आक्रामक रवैया अपना रहा था। राजधानी दिल्ली में मंगलवार को इसी क्रम में सीएम योगी के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी पार्टियों ने प्रदर्शन किया। VIDEO में देखें कि कैसे हेमा यह बयान देकर मीडिया से बचती दिखीं-
BJP MP Hema Malini says 'What to do', when asked about #DeoriaSexRacket pic.twitter.com/eSdNY9aNlX
— TIMES NOW (@TimesNow) August 7, 2018
उधर, महिला एवं बाल कल्याण मंत्री रीता बहुगुणा जोशी ने माना है कि शेल्टर होम के भीतर लड़कियां शारीरिक शोषण का शिकार होती थीं। एक प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा, “शेल्टर होम में लड़कियों के साथ शारीरिक शोषण की बात से इन्कार नहीं किया जा सकता है। उच्च स्तरीय जांच समिति ने इसकी आशंका जताई है। गिरिजा त्रिपाठी शेल्टर होम चलाती थी और उनकी बेटी कंचनलता वहां अधीक्षिका थी।”
क्या है मामला?: देवरिया के एक शेल्टर होम में कथित तौर पर सेक्स रैकेट चलाया जा रहा था। यहां के भागी एक लड़की ने अंदर होने वाली गतिविधियों के बारे में जाकर पुलिस को बताया, जिसके बाद इसका भंडाफोड़ हो सका। सूचना पर पुलिस ने 20 लड़कियां मुक्त कराईं और शेल्टर होम पर ताला जड़ दिया। पीड़िताओं ने इसके बाद आपबीती सुनाई कि कैसे उनकी इज्जत के साथ खिलवाड़ किया जाता था। घटना का विरोध करने पर उनके साथ मार-पिटाई भी की जाती थी।