अमेरिकी राष्ट्रपति डोनॉल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप दो दिन की भारत यात्रा पर आने वाले हैं। 24 और 25 फरवरी को राष्ट्रपति ट्रंप उनकी पत्नी मेलानिया भारत में होंगे। इस दौरान मेलानिया ट्रंप दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के महत्वाकांक्षी योजना का जयजा लेंगी।
वह दिल्ली के सरकारी स्कूलों में जाएंगी और बच्चों से मुलाकात करेंगी। बताया जा रहा है कि उनका स्वागत खुद सीएम अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया करेंगे। 25 फरवरी को मेलानिया ट्रंप हैपीनेस क्लास के जरिए बच्चों से रूबरू होंगी।
यह विशेष कार्यक्रम लगभग एक घंटे का होगा। इस दौरान वह हैपीनेस क्लास के बारे में जानने और समझने की कोशिश करेंगी कि आखिर पढ़ाई और खेलकूद के साथ हैपीनेस क्लास के जरिए बच्चों के तनाव को कैसे कम किया जाता है। इस सिलसिले में अमेरिकी दूतावास से संपर्क भी साधा गया है।
हालांकि सुरक्षा कारणों के चलते अभी स्कूल के बारे में खुलासा नहीं किया गया है। बताया जा रहा है कि मेलानिया ट्रंप ने खुद ही भारतीय स्कूली बच्चों से मिलने की इच्छा जताई थी जिसपर अमेरिकी दूतावास और भारत सरकार दोनों ने सहमति जताई है।
क्या है हैपीनेस क्लास: बता दें कि हैपीनेस क्लास दिल्ली के सरकार के महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक है। दिल्ली सरकार ने इस योजना को 2018 में शुरू किया था। इस योजना के जरिए बच्चों के मानसिक तनाव व अवसाद को दूर किया जाता है।
हैपीनेस क्लास नर्सरी से आठवीं तक की बच्चों के लिए है। इसमें बच्चों को मेडिटेसन, हंसी-मजाक और कहानियां सुनाई जाती है। इसके अलावा हर शनिवार को रिफ्लेक्शन सेशन भी होता है जिसमें कई नैतिक मूल्यों के बारे में खेल-खेल में सीख दी जाती है।
मिशेल ओबामा ने भी की थी मुलाकात: यह पहली मर्तबा नहीं है जब अमेरिका की फर्स्ट लेडी भारत के स्कूली बच्चों से मुलाकात करेंगी।इससे पहले साल 2010 जब पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा भारत दौरे पर आए थे उनके साथ उनकी पत्नी मिशेल ओबामा भी भारत आई थीं। इस दौरान उन्होंने मुंबई में बच्चों से मुलाकात की थी।