उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। आज मंगलवार को पार्टी की तरफ से फैजाबाद में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। पार्टी की तरफ से ट्वीट कर बताया गया है कि इस यात्रा के माध्यम से बीजेपी के नकली राष्ट्रवाद को बेनकाब किया जाएगा।
पार्टी की तरफ से कहा गया है कि तिरंगा यात्रा 18वीं सदी के नवाब शुजाउद्दौला के मकबरे से शुरू होकर शहर के गांधी पार्क में समाप्त होगी। पार्टी के नेता संजय सिंह और मनीष सिसोदिया यात्रा में मौजूद रहेंगे। इससे पहले संजय सिंह ने कहा था उनकी पार्टी ‘‘असली बनाम फर्जी राष्ट्रवाद’’ के मुद्दे पर उत्तर प्रदेश का आगामी विधानसभा चुनाव लड़ेगी। राज्यसभा सदस्य एवं आप के उत्तर प्रदेश प्रभारी सिंह ने रविवार को दावा किया था कि यूपी में उनकी पार्टी कांग्रेस के मुकाबले ज्यादा मजबूत है।
सिंह ने कहा, “विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी का मुख्य मुद्दा भाजपा का राष्ट्रवाद बनाम आम आदमी पार्टी का राष्ट्रवाद होगा। भाजपा का राष्ट्रवाद फर्जी है। वहीं, आम आदमी पार्टी का राष्ट्रवाद असली है।” आप नेता ने कहा था, “भाजपा की सांप्रदायिक राजनीति की काट इसी नीति के जरिए की जा सकती है। वर्ष 2011 में लोगों ने महात्मा गांधी के रास्ते पर चलकर अन्ना हजारे की अगुवाई में भ्रष्टाचार के खिलाफ अहिंसक आंदोलन किया था। मगर 2014 के बाद से हालात पर सांप्रदायिकता हावी हो गई।”
उन्होंने कहा था, ‘‘लोगों के मन में हम यह भावना उत्पन्न करेंगे कि वे खुद से यह सवाल पूछें कि नफरत की राजनीति से उन्हें क्या मिला। क्या पेट्रोल सस्ता हुआ, महंगाई कम हुई, सबको रोजगार मिल गया और क्या काला धन वापस आ गया।” सिंह ने उत्तर प्रदेश में सभी 403 सीटों पर अपने बलबूते चुनाव लड़ने के औचित्य के बारे में पूछे जाने पर कहा, “हम दिल्ली मॉडल को लेकर चुनाव लड़ेंगे। तब हमारे पास सभी सीटों पर चुनाव लड़ने के अलावा कोई विकल्प नहीं रहता।” इस सवाल पर कि क्या आम आदमी पार्टी का संगठन उत्तर प्रदेश में इतना मजबूत है कि सभी सीटों पर चुनाव लड़ सके, सिंह ने दावा किया कि प्रदेश में आम आदमी पार्टी कांग्रेस के मुकाबले ज्यादा मजबूत है।