यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू शुक्रवार को हादसे में बाल-बाल बच गए। वह प्रियंका गांधी के साथ वाराणसी के राम घाट जाने के लिए नाव पर चढ़े तो उनका पैर फिसल गया और गंगा नदी में गिर गए। इससे वहां हड़कंप मच गया। हादसे के दौरान उनके कपड़े पूरी तरह से भीग गए। हालांकि घटना किनारे पर ही हुई और कार्यकर्ताओं ने उन्हें तुरंत संभाल लिया।

बीएचयू के छात्रों से भी मिलेंगी प्रियंका : नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के विरोध प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार लोगों से मिलने के लिए शुक्रवार को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा वाराणसी पहुंची थीं। वे अन्य नेताओं के साथ राम घाट जाने के लिए नाव पर सवार हुई थीं। इसी दौरान घटना हुई। प्रियंका गांधी को बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के कई छात्रों से भी मुलाकात करनी है।

Hindi News Today, 10 January 2020 LIVE Updates: देश-दुनिया की तमाम बड़ी खबरे पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

घायलों और गिरफ्तार लोगों से मिलेंगी कांग्रेस नेता : कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी पिछले कुछ दिनों से नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के विरोध में हुए आंदोलन में घायल और गिरफ्तार लोगों से लगातार मुलाकात कर रही हैं। इसी सिलसिले में शुक्रवार को वह वाराणसी पहुंची। वह यहां बेनियाबाग में हुए आंदोलन में गिरफ्तार सवा साल की बच्ची के माता-पिता से भी मिलेंगी।

सीएए के खिलाफ आंदोलन में कई लोग हुए थे गिरफ्तार : नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ यूपी समेत देश के विभिन्न हिस्सों में जमकर हिंसा हुई थी। इस दौरान कई लोगों की मौत हो गई और सैकड़ों लोग आंदोलन के दौरान गिरफ्तार किए गए हैं। सरकारी और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की वजह से कई लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट भी दर्ज की गई है।