UP upchunav Result 2024 Full List of Winning Candidates: उत्तर प्रदेश की 9 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे आ गए हैं। बीजेपी ने सबको चौंका दिया है। उत्तर प्रदेश की 9 में से 7 सीटों पर एनडीए गठबंधन की जीत हुई है। जबकि महज दो सीटों पर समाजवादी पार्टी की जीत हुई है। एनडीए की सहयोगी आरएलडी मीरापुर सीट से चुनाव लड़ रही थी, जहां से उसने जीत हासिल की है। बाकी 8 सीटों पर बीजेपी लड़ रही थी। वहीं इंडिया गठबंधन की ओर से सभी 9 सीटों पर सपा लड़ रही थी।
जानें कौन कहां से जीता
सीट का नाम | कौन जीता |
कुंदरकी | बीजेपी |
मीरापुर | आरएलडी |
करहल | सपा |
मझवां | बीजेपी |
फूलपुर | बीजेपी |
सीसामाऊ | सपा |
गाजियाबाद | बीजेपी |
खैर | बीजेपी |
कटेहरी | बीजेपी |
उत्तर प्रदेश की कुंदरकी विधानसभा सीट पर भाजपा ने सबको चौंकाया है। कुंदरकी विधानसभा सीट पर 62 फीसदी मुस्लिम मतदाता है लेकिन यहां से बीजेपी 1,30,000 से अधिक वोटों से जीत की ओर आगे बढ़ रही है।
UP By Election Results 2024 LIVE
बटेंगे तो कटेंगे- एक रहेंगे-सेफ रहेंगे- योगी
यूपी में बीजेपी की जीत पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने X पर पोस्ट कर कहा, “उत्तर प्रदेश के विधानसभा उपचुनावों में भाजपा-एनडीए की विजय आदरणीय प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के यशस्वी नेतृत्व एवं मार्गदर्शन पर जनता-जनार्दन के अटूट विश्वास की मुहर है। ये जीत डबल इंजन सरकार की सुरक्षा-सुशासन एवं जन-कल्याणकारी नीतियों तथा समर्पित कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम का सुफल है। उ.प्र. के सुशासन और विकास को अपना मत देने वाले उत्तर प्रदेश के सम्मानित मतदाताओं का आभार एवं सभी विजयी प्रत्याशियों को हार्दिक बधाई! बटेंगे तो कटेंगे। एक रहेंगे-सेफ रहेंगे।”
अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधा
वहीं सपा मुखिया अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने X पर लिखा, “‘इलेक्शन’ को ‘करप्शन’ का पर्याय बनानेवालों के हथकंडे तस्वीरों में क़ैद होकर दुनिया के सामने उजागर हो चुके हैं। दुनिया से लेकर देश और उत्तर प्रदेश ने इस उपचुनाव में चुनावी राजनीति का सबसे विकृत रूप देखा। असत्य का समय हो सकता है लेकिन युग नहीं।”
हालांकि अभी तक कुंदरकी में नतीजे घोषित नहीं हुए हैं। वहीं अगर हम 2022 के विधानसभा चुनाव की बात करें तो इन 9 में से 5 सीटों पर सपा गठबंधन ने जीत हासिल की थी तो वहीं चार सीटों पर भाजपा गठबंधन ने जीत हासिल की थी। लेकिन 2024 के उप चुनाव में इन 9 में से 7 सीटों पर भाजपा गठबंधन ने जीत हासिल की है जबकि केवल दो सीट पर ही सपा को जीत मिली।