आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश के प्रभारी और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह को बीजेपी वर्कर्स ने सोमवार को काले झंडे दिखाए और उन पर स्याही फेंकने की कोशिश की। संजय सिंह अंबेडकर नगर में सभा को संबोधित करने जा रहे थे तब उनके साथ यह हरकत की गई। इस दौरान बीजेपी के लोगों ने वापस जाने की मांग को लेकर उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

आप सांसद ने ट्वीट किया- 300 यूनिट फ्री बिजली पर सभा करने जलालपुर आंबेडकर नगर पहुंचा तो गाड़ी पर हमला करने भाजपा कार्यकर्ता पहुंच गए। काला झंडा भी दिखाया। लेकिन आदित्यनाथ जी थोड़ी ज़्यादा संख्या में लोगों को भेजा कीजिए। भाजपा यहां बहुत कमजोर है। भाजपा आम आदमी पार्टी से डरी है इसीलिए कायराना हरकत कर रही है। उनका कहना था कि लोकतंत्र में ऐसा करना सरासर गलत है।

उन्होंने कहा कि यही है भाजपा की असलियत। तिरंगे के सामने काला झंडा दिखाते हैं। भाजपाइयों को तिरंगे से नफरत क्यों है? उनका कहना था कि आदित्यनाथ जी देश की जनता से माफी मांगिए। आपके कार्यकर्ता ने भारत की शान तिरंगे पर काली स्याही फेंकी है। मुझ पर हमला करो लेकिन तिरंगे का अपमान मत करो। तिरंगे का अपमान हो रहा है। आपकी पुलिस मूकदर्शक बनी है। बीजेपी का ढोंग सबसे सामने आ गया है।

बघेल बोले- बीजेपी से हर वर्ग नाराज, चुनाव में होगी करारी हार

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने योगी पर फिर से तीखा हमला बोला है। उनका कहना है कि सीएम योगी लोगों को बांटने की राजनीति में जुटे हैं, लेकिन वह कुछ भी कर लें, सत्ता में फिर से उनकी वापसी नहीं होने वाली। बघेल का कहना है कि किसान हो या युवा, व्यापारी हो या दलित व पिछड़ा वर्ग। सभी योगी सरकार के खफा हैं। यूपी में सत्ता के विरोध में लहर चल रही है। योगी के लिए फिर से जीतना नामुमकिन है। बघेल ने इससे पहले प्रियंका गांधी को बंधक बनाने पर योगी सरकार पर जोरदार हमला किया था। उन्होंने सरकार को डरपोक तक करार दिया था।

ध्यान रहे कि कांग्रेस ने भूपेश बघेल को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए जिम्मेदारी दी है। बघेल को पार्टी का वरिष्ठ पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। वह कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की मदद करेंगे। इससे पहले असम विधानसभा चुनावों में बघेल को पार्टी का पर्यवेक्षक और कैंपेन मैनेजर बनाया था। हालांकि, इसका खास फायदा कांग्रेस को नहीं मिल पाया। बीजेपी के हाथों से सत्ता छीनने में उसे कामयाबी नहीं मिली थी।