अनलॉक 4 के नियम लागू होने के बाद दिल्ली में मेट्रो ट्रेन का संचालन 7 सितंबर से शुरू हो जाएगा। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) प्रमुख मंगू सिंह ने बुधवार को कहा कि पहले चरण में दिल्ली मेट्रो सेवाएं दो पालियों सुबह 7 से 11 तक और दोपहर बाद 4 बजे से रात 8 बजे तक संचालित होंगी।
दूसरे चरण में ट्रेनें सुबह 7 बजे से दोपहर 1 बजे के बीच और शाम चार बजे से रात 10 बजे के बीच उपलब्ध रहेंगी। दूसरे चरण में 9 सितंबर को तीन अन्य लाइनों ब्लू लाइन, पिंक लाइन और गुड़गांव लाइन का संचालन शुरू होगा। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के प्रमुख ने कहा कि ऑपरेशन और इसके प्रभाव को देखने के बाद, हम रेड लाइन (गाजियाबाद से रिठाला), बहादुरगढ़ लाइन और फरीदाबाद लाइन को 10 सितंबर से शुरू करेंगे। 12 सितंबर से सामान्य संचालन शुरू हो जाएगा।
सोशल डिस्टेंसिंग को बनाए रखने के लिए, डीएमआरसी ने स्टेशनों पर एंट्री के लिए चुनिंदा गेट खोलने का फैसला किया है। बाहर निकलने के लिए अलग से गेट होगा। ट्रेनों की फ्रीक्वेंसी को भी रेगुलेट किया जाएगा। दिल्ली मेट्रो में केवल बिना लक्षण रोगियों को आनेजाने की अनुमति होगी। दिल्ली मेट्रो में सिर्फ स्मार्ट कार्ड से ही यात्रा को अनुमति होगी। इस दौरान स्टेशनों पर टोकन की बिक्री बंद रहेगी।

इससे पहले केन्द्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि देशभर में सात सितंबर से चरणबद्ध तरीके से मेट्रो सेवाएं फिर शुरू हो जाएंगी। इस दौरान लोगों को कोविड-19 से बचाव के लिये दूरी बनाए रखने और मास्क पहनने जैसे नियमों का पालन करना होगा।
आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री पुरी ने ऑनलाइन संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि 12 सितंबर से मेट्रो का सामान्य संचालन शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि कोविड-19 निरुद्ध क्षेत्रों में स्थित मेट्रो स्टेशन बंद रहेंगे। मंत्रालय के अनुसार जिन स्टेशनों पर लोग शारीरिक दूरी बनाए रखने के नियम का पालन करते नहीं पाए गए, वहां ट्रेनें नहीं रुकेंगी।
पुरी ने कहा कि मेट्रो में यात्रा करते समय मास्क पहनना अनिवार्य होगा। यात्री स्टेशनों पर भी मास्क खरीद सकते हैं। कोरोना वायरस संक्रमण की रोकथाम के लिये मार्च के अंत में राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन लागू होने के बाद से मेट्रो सेवाएं बंद हैं। दिल्ली में 22 मार्च से मेट्रो सेवाएं निलंबित हैं।

