हमारे देश में ज्यादातर घरों के बाहर एक आम निर्देश लिखा रहता है कृपया आपने जूते उतारें… कई बड़े नेताओं के यहां भी यह निर्देश लिखा रहता है और उनके स्टाफ इसका पालन भी करवाते हैं। लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल के घर ऐसा नहीं लिखा है। बल्कि उनके घर के बाहर लिखा है- जूते ना उतारें।
सीआर पाटील गुजरात से सांसद हैं और केंद्रीय मंत्री में हैं। ऐसे में उनको दिल्ली के सफदरजंग लेन में बड़ा बंगला मिला है। इस बंगले पर रोजाना सैकड़ो लोग उनसे मिलने के लिए आते हैं। जब मेहमान पाटिल के घर जूते उतारने की पेशकश भी करते हैं, तो कर्मचारी उन्हें ऐसा करने से मना कर देते हैं। बताया जा रहा है कि सीआर पाटिल ने अपने कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी आगंतुक को ज़रा सी भी असुविधा न हो।
कौन हैं सीआर पाटिल?
सीआर पाटिल का परिवार महाराष्ट्र के जलगांव से ताल्लुक रखता है लेकिन 1953 में वह गुजरात में आकर बस गया। सीआर पाटिल का जन्म 16 मार्च 1955 को हुआ था। वर्तमान में पाटिल गुजरात बीजेपी के अध्यक्ष भी हैं। वह गुजरात बीजेपी के अध्यक्ष बनने वाले पहले गैर गुजराती नेता हैं। सीआर पाटिल चार बार गुजरात की नवसारी लोकसभा सीट से सांसद चुने जा चुके हैं।
पाटिल ने पुलिस कांस्टेबल के रूप में अपना करियर शुरू किया था और 14 साल तक अपनी सेवाएं दी। 1989 में पाटिल ने बीजेपी ज्वाइन की थी। सूरत और उसके आसपास के क्षेत्र में पाटिल का काफी प्रभाव माना जाता है।
सीआर पाटील 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में गुजरात में सबसे अधिक वोटों के अंतर से जीतने वाले सांसद बन चुके हैं। वहीं उनके ही नेतृत्व में बीजेपी ने लगातार सातवीं बार गुजरात में विधानसभा का चुनाव भी जीता। 2022 के विधानसभा चुनाव में गुजरात में बीजेपी ने 156 सीटों पर जीत हासिल की थी। गुजरात में कुल 182 विधानसभा की सीटें हैं।