राज्यसभा में बुधवार को प्रश्नकाल के दौरान केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि वह देश में एक्सप्रेसवे पर “टोल टैक्स के पिता” हैं। इस दौरान उन्होंने 1990 के दशक की एक घटना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 1990 के दशक के अंत में राज्य मंत्री के रूप में मैंने अपने कार्यकाल के दौरान महाराष्ट्र में पहली सड़क बनाई थी।

उन्होंने कहा कि भारत में 2024 तक अमेरिकी जैसी सड़कें होंगी। वो कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला के एक सवाल का जवाब दे रहे थे। गडकरी ने कहा कि हम देशभर में 26 ग्रीन एक्सप्रेस बना रहे हैं। उन्होंने कई एक्सप्रेसवे के नाम भी गिनाए। उन्होंने बताया कि 2024 से पहले इनका निर्माण पूरा कर लिया जाएगा।

गडकरी ने कांग्रेस सांसद के सवाल के जवाब में बताया कि NHAI की आर्थिक हालत बेहद मजबूत है और उसके पास पैसे की कोई कमी नहीं है। केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि NHAI हर साल पांच लाख करोड़ की सड़कें बनाने की क्षमता रखता है। उन्होंने कहा कि जो भी मेंबर ऑफ पार्लियामेंट हैं, उनसे पूछो- जो मुझसे रोड मांगने आता है। उसका मैं सेशन कर देता हूं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ग्रीन एक्सप्रेस-वे राजमार्गों के निर्माण से यात्रा के समय में काफी कमी आएगी। एक बार राजमार्ग बन जाने के बाद, दिल्ली से देहरादून, दिल्ली से हरिद्वार, दिल्ली से जयपुर तक की यात्रा में केवल 2 घंटे लगेंगे। दिल्ली से चंडीगढ़ में 2.30 घंटे लगेंगे, दिल्ली से अमृतसर 4 घंटे में और दिल्ली से मुंबई 12 घंटे में यात्रा पूरी होगी।

राष्ट्रीय डोपिंग-रोधी विधेयक 2022-
संसद ने राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी और राष्ट्रीय डोप जांच प्रयोगशाला के कामकाज को कानूनी स्वरूप प्रदान करने संबंधी राष्ट्रीय डोपिंग-रोधी विधेयक, 2022 को बुधवार को मंजूरी प्रदान कर दी। राज्यसभा में विधेयक पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए युवा एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि विधेयक के कानून बनने से न सिर्फ खेल और खिलाड़ियों को मदद मिलेगी, बल्कि ‘‘आत्मनिर्भर भारत’’ अभियान को भी बल मिलेगा।