केन्द्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह ने अपने एक बयान में जम्मू कश्मीर से आर्टिकल 370 के प्रावधान हटाने के फैसले के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की। केन्द्रीय मंत्री ने पीएम मोदी को ‘परमात्मा द्वारा भेजा गया महापुरुष’ बताया।
एक कार्यक्रम के दौरान जितेन्द्र सिंह ने आर्टिकल 370 के प्रावधान हटाए जाने के मुद्दे पर बोलते हुए कहा कि “शायद हमें इसलिए इतना इंतजार करना पड़ा कि परमात्मा को भी यही मंजूर था कि मोदी जी जैसा कोई महापुरुष धरती पर उतरे और ये पुण्य कार्य उनके हाथों से हो।”
पीएम मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने बीती 5 अगस्त को जम्मू कश्मीर से आर्टिकल 370 के प्रावधान खत्म कर दिए थे, जिसके साथ ही जम्मू कश्मीर को मिले विशेषाधिकार भी खत्म हो गए। इसके साथ ही सरकार ने जम्मू कश्मीर को दो हिस्सों जम्मू कश्मीर और लद्दाख में बांट दिया। दोनों ही हिस्से केन्द्र शासित होंगे, लेकिन जम्मू कश्मीर में विधायिका होगी, लेकिन लद्दाख सीधे केन्द्र से प्रशासित होगा।
बता दें कि जम्मू कश्मीर से आर्टिकल 370 के प्रावधान हटाए जाने के बाद से ही सरकार कश्मीर में सामान्य स्थिति बहाल करने के प्रयास कर रही है। इन्हीं कोशिशों के तहत शनिवार को केन्द्र सरकार के 36 मंत्री भी जम्मू कश्मीर के दौरे पर राज्य पहुंचे।
Union Minister Jitendra Singh on abrogation of Article 370: Aur shayad humein isliye itna intezar karna pada ki parmatma ko bhi yahi manzoor tha ki Modi ji jaisa koi mahapurush dharti par utare aur ye punya karya unke haathon se ho #JammuAndKashmir pic.twitter.com/lawxSNtbzF
— ANI (@ANI) January 18, 2020
ये मंत्री जम्मू कश्मीर के शहरों और गांवों का दौरा करेंगे और लोगों की समस्याओं से रूबरू होंगे। सरकारी स्तर पर कई कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें मंत्री लोगों की समस्याओं को दूर करने के निर्देश देंगे। बताया जा रहा है कि इन मंत्रियों के दौरे का उद्देश्य जम्मू कश्मीर के विकास कार्यों में तेजी लाना और पीएम विकास पैकेज के कामों को गति देना है।