केन्द्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने राम मंदिर निर्माण को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। शेखावत ने एक ट्वीट करते हुए लिखा कि “भगवान राम को काल्पनिक कहने वाली कांग्रेस का राम मंदिर भूमिपूजन पर वक्तव्य ऐतिहासिक यू-टर्न है। इसी तरह कांग्रेस के आंतरिक लोकतंत्र पर भी एक ऐतिहासिक यू-टर्न तो बनता है।” माना जा रहा है कि शेखावत ने इस ट्वीट से कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी द्वारा राम मंदिर निर्माण को लेकर किए गए ट्वीट पर निशाना साधा है।

बता दें कि प्रियंका गांधी ने कुछ देर पहले ही किए अपने एक ट्वीट में लिखा था कि “सरलता, साहस, संयम, त्याग, वचनबद्धता, दीनबंधु राम नाम का सार है। राम सबमें हैं, राम सबके साथ हैं। भगवान राम और माता सीता के संदेश और उनकी कृपा के साथ रामलला के मंदिर के भूमिपूजन का कार्यक्रम राष्ट्रीय एकता, बंधुत्व और सांस्कृतिक समागम का अवसर बने।”

दरअसल  साल 2007 में कांग्रेस नीत यूपीए सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा देकर कहा था कि भगवान राम के अस्तित्व का कोई सबूत नहीं है। अब प्रियंका गांधी ने अपने ताजा ट्वीट में बताया है कि ‘भगवान राम युगों से भारत को प्रेरित करते आए हैं।’ यही वजह है कि केन्द्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने इसे कांग्रेस पार्टी का ऐतिहासिक यू-टर्न करार दिया है।

प्रियंका गांधी के अलावा मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ भी आस्था के रंग में रंगे नजर आ रहे हैं। राम मंदिर भूमि पूजन की खबरों के बीच कमलनाथ ने आज अपने आवास पर हनुमान चालीसा का पाठ कराया। इसके साथ ही कमलनाथ ने पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा चंदे से खरीदी गई 11 चांदी की ईंटें भी अयोध्या भेजी हैं।

शेखावत ने राजस्थान में जारी सियासी उठापटक के मुद्दे पर कांग्रेस में आंतरिक लोकतंत्र की बात कही है। दरअसल सचिन पायलट और उनके समर्थक विधायक सरकार में सुनवाई ना होने के चलते बागी हो गए हैं। भाजपा का आरोप रहा है कि कांग्रेस में आंतरिक लोकतंत्र की कमी है और बीजेपी गांधी परिवार के खिलाफ खासी हमलावर रही है।