Pratima Bhoumik: केंद्र सरकार में सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री प्रतिमा भौमिक त्रिपुरा की पहली महिला मुख्यमंत्री बन सकती हैं। भौमिक ने धनपुर विधानसभा सीट से चुनाव जीता है। इस सीट को सीपीएम के नेतृत्व वाले वाम मोर्चा का गढ़ कहा जाता है।मार्च 1998 से मार्च 2023 तक पूर्व मुख्यमंत्री माणिक सरकार यहां से विधायक चुने गए। शनिवार को भौमिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहचान के संकट से जूझ रहे पूर्वोत्तर को पहचान दी।
भारत के चुनाव आयोग के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने त्रिपुरा में लगभग 39 प्रतिशत वोट शेयर के साथ 32 सीटें जीतीं। टिपरा मोथा पार्टी 13 सीटें जीतकर दूसरे स्थान पर रही। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) को 11 सीटें मिलीं, जबकि कांग्रेस को तीन सीटें मिलीं। इंडिजिनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (आईपीएफटी) ने एक सीट जीतकर अपना खाता खोलने में कामयाबी हासिल की।
कौन हैं प्रतिमा भौमिक?
- प्रतिमा भौमिक ने 42.25 प्रतिशत वोट शेयर के साथ कुल 19,148 वोटों के साथ धनपुर सीट जीती। वो ‘त्रिपुरा की दीदी’ या ‘प्रतिमा दी’ के नाम से लोकप्रिय हैं।
- भौमिक ने 1998 और 2018 में धनपुर से त्रिपुरा विधानसभा चुनाव लड़ी थीं, लेकिन दोनों बार माणिक सरकार के खिलाफ हार गईं थीं। हालांकि, इस बार, वह उसी सीट धनपुर से माकपा के कौशिक चंदा को 3,500 मतों के अंतर से हराकर जीतने में सफल रही। सरकार ने इस साल त्रिपुरा का चुनाव नहीं लड़ा था।
- त्रिपुरा का अगला मुख्यमंत्री बनने की अटकलों के बारे में पूछे जाने पर, भौमिक ने कहा, “मैं एक समर्पित पार्टी कार्यकर्ता हूं, और यह केवल पार्टी की वजह से है कि मैं आपके सामने बैठी हूं। मैंने पार्टी के इशारे पर चुनाव लड़ा और पार्टी मेरी मां है। इसलिए, किसी को कुछ भी अनुमान नहीं लगाना चाहिए। पार्टी जो कहेगी मैं करूंगी।
- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के टिकट पर 2019 में संसद के लिए चुने जाने के दो साल बाद, 54 वर्षीय भौमिक ने जुलाई 2021 में केंद्रीय मंत्री के रूप में शपथ ली।
- प्रतिमा भौमिक विज्ञान में स्नातक है। उन्होंने 1991 में भाजपा का दामन थाम लिया था।
- पार्टी में शामिल होने के एक साल बाद भौमिक भाजपा राज्य समिति के सदस्य बनी और अगले वर्ष पार्टी के धनपुर मंडल की प्रमुख बनाई गईं।
- भौमिक ने पार्टी के युवा और महिला विंग के उपाध्यक्ष के रूप में भी काम किया। बाद में 2016 में उन्हें पार्टी का महासचिव बनाया गया।
- 2019 के लोकसभा चुनाव में भौमिक ने तत्कालीन सांसद शंकर प्रसाद दत्ता को 305,689 मतों के भारी अंतर से हराया था।
- एक स्कूल शिक्षक पिता के घर जन्मीं भौमिक के तीन भाई-बहन हैं। अपने शुरुआती दिनों में वह ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर के कार्यक्रमों में खो-खो और कबड्डी खेलती थीं। वह सोनमुरा के बरनारायण में अपने पैतृक स्थान पर खेती भी करती थीं।
- भौमिक के त्रिपुरा का अगला मुख्यमंत्री बनने की अटकलों पर त्रिपुरा भाजपा प्रमुख राजीव भट्टाचार्य ने कहा, “निर्णय विधायक दल की बैठक में लिया जाएगा। 1-2 दिन प्रतीक्षा करें। भाजपा में नेताओं की कमी नहीं है। हमने इस चुनाव में एक टीम के रूप में काम किया है।