Amit Shah Mission Keralam: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को केरल में हुंकार भरी। शाह ने कहा कि भाजपा के बढ़ते समर्थन आधार से संकेत मिलता है कि इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनावों के बाद एनडीए सरकार बनाएगा। उन्होंने कहा कि आज मेयर है तो कल मुख्यमंत्री भी भाजपा को होगा।
केरल में नव निर्वाचित नगर निकायों के सदस्यों को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि हाल ही में हुए स्थानीय निकाय चुनावों में पार्टी की जीत केरल में सरकार बनाने के अपने लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में एक कदम है।
अमित शाह ने कहा कि आज तिरुवनंतपुरम में भाजपा का महापौर है। कल केरल में भाजपा का मुख्यमंत्री होगा। हमारी जीत सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ताओं के बलिदान का परिणाम है। मैं यह जीत सैकड़ों शहीदों के परिवारों के साथ-साथ जेल में बंद कार्यकर्ताओं को समर्पित करता हूं। हाल के चुनावों में भाजपा के वोट शेयर में हुई वृद्धि को याद करते हुए शाह ने कहा कि 2014 में 11% से बढ़कर 2019 में हमारा वोट शेयर 16% और 2024 में 20% हो गया।
गृह मंत्री ने कहा कि मतदान हिस्सेदारी का 30% या 40% तक बढ़ना दूर नहीं है। यह 2026 में ही हो जाएगा। उन्होंने बताया कि भाजपा की बढ़त केवल शहरी क्षेत्रों तक ही सीमित नहीं है, क्योंकि पार्टी ने 30 ग्राम पंचायतों में जीत हासिल की और 79 में दूसरे स्थान पर रही, साथ ही स्थानीय निकाय चुनावों में दो नगरपालिकाओं में भी जीत दर्ज की। शाह ने भाजपा के तीन सूत्रीय चुनावी एजेंडे, “मिशन केरलम-2026” का भी अनावरण किया, जो “विकसित केरल, सुरक्षित केरल और आस्था की रक्षा” पर केंद्रित है।
सबरीमाला में सोने की चोरी पर अमित शाह
सबरीमाला मंदिर से कथित तौर पर हुई सोने की चोरी का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि न तो सत्ताधारी एलडीएफ और न ही विपक्षी यूडीएफ “धर्म की रक्षा” कर सकते हैं। उन्होंने कहा, “अगर कोई केरल में आस्था की रक्षा कर सकता है, तो वह केवल भाजपा ही कर सकती है।”
उन्होंने यह भी कहा कि सोने की चोरी सिर्फ केरल का मुद्दा नहीं है, बल्कि यह पूरे देश की आस्था को ठेस पहुंचाने वाला मामला है। उन्होंने मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन से पूछा कि क्या वे सबरीमाला की जांच किसी निष्पक्ष एजेंसी को सौंपने के लिए तैयार हैं।
यह भी पढ़ें- ‘मराठियों के लिए यह आखिरी चुनाव, अगर आज हार गए…’, BMC चुनाव में वोटिंग से पहले राज ठाकरे का बड़ा बयान
अमित शाह ने कहा कि मैंने एफआईआर देखी हैं, और उनमें दो मंत्रियों को बचाने के लिए प्रावधान हैं। तस्वीरों में आरोपियों के साथ यूडीएफ नेता भी दिखे हैं… भाजपा निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर व्यापक विरोध प्रदर्शन करेगी। भाजपा के आंदोलन के बाद विजयन को निष्पक्ष जांच का आदेश देना ही होगा। मैं पिनाराई विजयन से कहना चाहता हूं, ‘आप केरल में आस्था की रक्षा सुनिश्चित नहीं कर सकते। अब जाने का समय आ गया है। आप वापस नहीं आ सकते।
उन्होंने कहा कि एलडीएफ और यूडीएफ के बीच “मैच फिक्सिंग” के कारण केरल में विकास ठप्प हो गया है। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य केरल को पूर्ण विकसित बनाना, राज्य को राष्ट्रविरोधी ताकतों से बचाना और आस्था की रक्षा करना है। उन्होंने कहा कि दुनिया भर में कम्युनिस्ट पार्टियां गायब हो चुकी हैं और भारत में कांग्रेस शासन का अंत हो चुका है। केवल नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा ही केरल को विकास के पथ पर ले जा सकती है। एलडीएफ और यूडीएफ दोनों तुष्टीकरण की नीति अपना रहे हैं, जबकि भाजपा का रुख सभी के लिए न्याय सुनिश्चित करना है। शाह ने भाजपा की कोर कमेटी की बैठक में भी भाग लिया। जिसमें विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की तैयारियों पर चर्चा की गई।
यह भी पढ़ें- यूपी में प्रियंका पर फिर दांव लगाएगी कांग्रेस? समझिए संगठन में जान फूंकने के लिए क्या है पार्टी का प्लान
