केंद्र में सत्ता के सिंहासन पर काबिज भारतीय जनता पार्टी बुधवार को अपना 42वां स्थापना दिवस मना रही है। इस मौके पर पार्टी द्वारा देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री अलग-अलग कार्यक्रमों के जरिए कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे हैं। इसी तरह के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि भाजपा में ‘परिवारवाद’ नहीं है। सीएम खट्टर के इस बयान पर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आने लगीं।
भाजपा के स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए हरियाणा के सीएम ने कहा, “हमारी पार्टी में कोई ‘परिवारवाद’ और व्यक्तिगत एजेंडा नहीं है। देश के उत्थान के लिए काम किया जा रहा है। बीजेपी अब दुनिया की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी है।” मनोहर लाल खट्टर के ‘परिवारवाद’ वाले बयान पर ट्विटर पर यूजर (@Iamsnm2) ने गृह मंत्री अमित शाह के बेटे जय शाह (बीसीसीआई सचिव) और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के बेटे महाआर्यमान सिंधिया (जीडीसीए के उपाध्यक्ष) की तस्वीरें शेयर कीं।
इसी तरह, यूजर (@Pippllee) ने भाजपा के कई नेताओं और उनके बेटे/बेटियों की तस्वीरें शेयर कीं, जिनमें केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकर (हिमाचल प्रदेश के पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल के पुत्र) , भाजपा विधायक पंकज सिंह (रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के पुत्र), भाजपा सांसद वरुण गांधी (मेनका गांधी के पुत्र), के नाम प्रमुख हैं।
इसके पहले, सीएम खट्टर ने कहा, “42वां स्थापना दिवस की यात्रा सालों के संघर्ष और कार्यकर्ताओं की मेहनत के बाद बनी है। राष्ट्रभक्ति का भाव लेकर पार्टी को आगे ले जा रहे हैं। सत्ता को सेवा का माध्यम बनाकर कार्य कर रहे हैं।” भाजपा के स्थापना दिवस पर पीएम मोदी ने भी पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भी ‘परिवारवाद’ का जिक्र किया।
पीएम मोदी ने कहा, “केंद्रीय स्तर पर और अलग अलग राज्यों में कुछ राजनीतिक दल हैं जो सिर्फ अपने परिवार के हितों के लिए काम करते हैं। परिवारवादी सरकारों में परिवार के सदस्यों का स्थानीय निकाय से लेकर संसद तक में दबदबा रहता है। ये लोग भले ही अलग अलग राज्यों में हो, लेकिन परिवारवाद के तार से जुड़े रहते हैं। एक दूसरे के भ्रष्टाचार को ढककर रखते हैं।”
उन्होंने कहा, “परिवारवादी पार्टियों ने देश के युवाओं को भी कभी आगे नहीं बढ़ने दिया, उनके साथ हमेशा विश्वासघात किया है। आज हमें गर्व होना चाहिए कि आज भाजपा ही इकलौती पार्टी है जो इस चुनौती से देश को सजग कर रही है, सतर्क कर रही है।”