महाराष्ट्र के ठाणे जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बीते दिन पुलिस को एक सूटकेस में महिला का क्षत विक्षत शव मिला जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूटकेस में महिला का सिर्फ निचला हिस्सा बरामद हुआ। शव मिलने के एक दिन बाद पुलिस ने उसके पिता को अपराध के लिए गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को रविवार को एक ऑटोरिक्शा चालक द्वारा सूटकेस के बारे में सूचित किया गया, जिसके बाद सीसीटीवी की मदद से पुलिस लड़की के आरोपी पिता तक पहुंची।
पुलिस ने आरोपित अरविंद तिवारी को 22 वर्षीय बेटी प्रिंसी की निर्मम हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अरविंद को अपनी बेटी की अपनी पसंद से शादी करने की बात इतनी नागवार गुजरी कि उसने बड़े ही निर्मम तरीके से उसकी हत्या कर दी। अरविंद ने गुस्से में अपनी बेटी के तीन टुकड़े किए और फिर उसे एक सूटकेस में भर कर ठिकाने लगाने का प्लान बनाया।
एक अधिकारी ने बताया कि लड़की का शव मिलने पर स्थानीय पुलिस के साथ-साथ अपराध शाखा ने जांच शुरू की और आसपास के रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज जांचने के बाद 47 वर्षीय अरविंद तिवारी को गिरफ्तार कर लिया गया। अरविंद मुंबई में अंधेरी की एक लॉजिस्टिक फर्म में काम करता है। अधिकारी ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया, “अरविंद तिवारी ने अपनी 22 वर्षीय बेटी प्रिंसी के बॉयफ्रेंड को मंजूरी नहीं दी। इसलिए उसने उसे मारने और उसके शरीर को टुकड़ों में काट दिया।”
बताया जा रहा है कि मृतक लड़की लगभग 6 महीने पहले यूपी के जौनपुर से शहर आई थी और भांडुप में जॉब कर रही थी। जहां उसे मुस्लिम समुदाय के एक सहकर्मी से प्यार हो गया और वह उससे शादी करना चाहती थी। मगर उसके पिता को यह मंजूर नहीं था।
पुलिस उपायुक्त (अपराध) दीपक देवराज ने कहा कि टीमें शरीर के अन्य हिस्सों को खोजने के लिए काम कर रही है और हत्या में इस्तेमाल किया ज्ञ हथियार भी तलाश रही है। ठाणे के पुलिस आयुक्त विवेक फनसालकर ने लगभग 30 घंटे में मामले को सुलझाने के लिए जांच दल को इनाम देने की घोषणा की।

