Parliament Monsoon Session: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा में विपक्ष को करारा जवाब दिया। शाह ने मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार और नरेंद्र मोदी की सरकार के कार्यकाल के बीच हुए हमले का जिक्र किया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हमारे समय में जो भी आतंकवादी घटना हुई पाक प्रेरित और कश्मीर सेंट्रिक हुई। देश के हिस्से में 2014 से 2025 तक एक भी घटना नहीं हुई है। कश्मीर में भी आज स्थिति ऐसी हुई कि पाकिस्तान से उनको आतंकवादी भेजने पड़ते हैं और हमारे यहां पर आतंकी नहीं बनते हैं।
लोकसभा में अपने संबोधन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मैं सदन में कहना चाहता हूं कि आतंकवाद की जड़ पाकिस्तान है। अगर कांग्रेस पार्टीशन स्वीकार नहीं करती तो ये सब नहीं होता। ये टेररिज्म की बात करते हैं। देश की जनता को 20 साल की बातों से अवगत कराता हूं। उन्होंने कहा कि 2002 अटल सरकार पोटा कानून लाई। पोटा कानून का विरोध किसने किया। कांग्रेस पोटा कानून रोककर किसे बचाना चाहती थी। 2004 में मनमोहन सरकार ने पोटा कानून रद्द किया। मैं पूछना चाहता हूं कि इसके बाद क्या हुआ।
अमित शाह ने मनमोहन सरकार में हुए हमलों का जिक्र किया
केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कहा, 2005 में रामलला के टेंट पर हमला हुआ। 2006 में मुंबई में ट्रेन धमाके में 186 लोग मारे गए। 2007 लखनऊ-वाराणसी में मौतें हुई। 2008 मुंबई में 246 लोग मारे गए। जयपुर में 8 बम धमाके हुए 64 लोग मारे गए। 2008 में अहमदाबाद में बम धमाके हुए 57 लोग मारे गए। दिल्ली में 2008 में पांच धमाके हुए और इसमें 22 लोग मारे गए और पुणे की जर्मन बेकरी में 17 लोग मारे गए। 2011 में मुंबई में तीन धमाके हुए 27 लोग मारे गए।’
2014 से 2025 से एक भी घटना नहीं हुई- शाह
अमित शाह ने कहा, ‘आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई होती तभी वो हमला करते हैं। मगर सवाल ये है कि इन्होंने 2005 से 2011 के बीच में 27 जघन्य हमले किए। 1000 के करीब-करीब लोग मारे गए। आपने क्या किया। मैं राहुल गांधी को चैलेंज देना चाहता हूं कि उनकी सरकार ने क्या कदम उठाए यहां पर बताएं सभी को। ये यहां से आतंकियों की फोटो भेजते रहे। मैं इन लोगों को अंतर बताना चाहता हूं कि 2014 से 2025 से एक भी घटना नहीं हुई है। कश्मीर में भी आज स्थिति ऐसी हुई कि पाकिस्तान से उनको आतंकवादी भेजने पड़ते हैं और हमारे यहां पर आतंकी नहीं बनते हैं।’ लोकसभा में अमित शाह ने दी ऑपरेशन महादेव की जानकारी