कांग्रेस नेता गुलाम नबही आजाद को मिले पद्म अवार्ड को लेकर कांग्रेस में नई महाभारत छिड़ती जा रही है। कपिल सिब्बल और बागी ग्रुप जी-23 के कई नेताओं ने उनको सम्मान की बधाई दी तो कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने मंगलवार रात आजाद पर कटाक्ष किया। रमेश ने बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य की ओर से पद्म भूषण सम्मान को अस्वीकार किए जाने को लेकर आजाद पर कटाक्ष करते हुए ट्वीट किया- यही सही चीज थी करने के लिए। वह आजाद रहना चाहते हैं गुलाम नहीं।

उधर, पद्म भूषण सम्मान की घोषणा के बाद अपने भविष्य की राजनीतिक योजनाओं को लेकर चल रही अटकलों को खारिज करते हुए आजाद ने कहा कि कुछ लोग भ्रम पैदा करने के लिए शरारतपूर्ण दुष्प्रचार कर रहे हैं। दरअसल, पद्म भूषण सम्मान की घोषणा होने के बाद कुछ खबरों में दावा किया गया कि आजाद ने अपना ट्विटर प्रोफाइल बदल लिया है।

उन्होंने मंगलवार देर रात ट्वीट कर कहा- भ्रम पैदा करने के लिए कुछ लोगों द्वारा शरारतपूर्ण दुष्प्रचार किया जा रहा है। मेरे ट्विटर प्रोफाइल से न कुछ हटा है और न ही कुछ जोड़ा गया है। प्रोफाइल आज भी वही है, जैसा पहले था। आजाद के ट्विटर प्रोफाइल में कुछ नहीं लिखा हुआ है। इसमें कांग्रेस का भी कोई उल्लेख नहीं है।

सरकार की ओर से मंगलवार को पद्म सम्मानों की घोषणा की गई। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री आजाद को सार्वजनिक मामलों में उनके योगदान के लिए पद्म भूषण से नवाजा जाएगा। राज्यसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष आजाद कांग्रेस के उस जी-23 का हिस्सा हैं जिसने 2020 में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखकर कांग्रेस के संगठन में आमूल-चूल परिवर्तन कर सक्रिय अध्यक्ष की मांग की थी।

आरपीएन के जाने पर थरूर बोले- अब ‘कांग्रेस युक्त भाजपा’

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह के पार्टी छोड़ने को लेकर बुधवार को कटाक्ष करते हुए कहा कि अब ‘कांग्रेस युक्त भाजपा’ है। उन्होंने ट्वीट किया- छोड़कर जा रहे हैं घर अपना, शायद उनके कुछ और सपने हैं, अब उधर भी सब अपना सा है, अब उधर भी तो सभी अपने हैं…कांग्रेस युक्त भाजपा!

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह ने मंगलवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया और भाजपा में शामिल हो गए। उनके इस्तीफे से एक दिन पहले ही, कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए उन्हें अपने स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया था।