गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर पद्म पुरस्कारों (Padma Awards) का ऐलान कर दिया गया है। इस साल चार हस्तियों को पद्म विभूषण सम्मान दिया गया है। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह और देश के पहले सीडीएस जनरल बिपिन रावत को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया जाएगा।
पिछले साल, देश ने जनरल बिपिन रावत (Gen Bipin Rawat) को एक हेलीकॉप्टर क्रैश में गंवा दिया था। पद्म विभूषण भारत सरकार की ओर से दिया जाने वाला दूसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद को पद्म भूषण से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा, पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य और अभिनेता विक्टर बनर्जी को भी पद्म भूषण से सम्मानित किया जाएगा।
माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्य नडेला और गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई देश के तीसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म भूषण से सम्मानित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के साइरस पूनावाला, भारत बायोटेक के कृष्णा इल्ला और सुचित्रा इल्ला को भी पद्म भूषण से सम्मानित किया जाएगा।
गृह मंत्रालय के मुताबिक, दिवंगत पंजाबी गायक गुरमीत सिंह बावा, पूर्व केंद्रीय गृह सचिव राजीव महर्षि को पद्म भूषण से सम्मानित किया जाएगा। टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने वाले नीरज चोपड़ा और सिंगर सोनू निगम को पद्मश्री से सम्मानित किया जाएगा।
गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर केंद्र सरकार ने विभिन्न केंद्रीय एवं राज्य पुलिस बलों के जवानों को 939 सेवा पदक देने की घोषणा की। इनमें वीरता के लिए दिए जाने वाले 189 पदक शामिल हैं। गृह मंत्रालय ने उन जवानों के नामों की सूची जारी की, जिन्हें वीरता के लिए पुलिस पदक, विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति के पुलिस पदक और सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है। इस साल किसी भी पुलिसकर्मी को शीर्ष श्रेणी का राष्ट्रपति पुलिस वीरता पदक (पीपीएमजी) नहीं दिया गया है।
जम्मू-कश्मीर पुलिस को सबसे अधिक वीरता पदक: गृह मंत्रालय के प्रवक्ता के मुताबिक, वीरता के लिए दिए जाने वाले 189 पदकों में से 134 पदक जम्मू-कश्मीर क्षेत्र में वीरता दिखाने वाले जवानों को प्रदान किए गए हैं। सबसे ज्यादा 115 वीरता पदक जम्मू-कश्मीर पुलिस को दिए गए हैं। वहीं, सीआरपीएफ को 30, छत्तीसगढ़ पुलिस को दस, ओडिशा पुलिस को नौ और महाराष्ट्र पुलिस को सात पदक हासिल हुए हैं। इसी तरह, आईटीबीपी और एसएसबी को तीन-तीन, जबकि बीएसएफ को दो वीरता पदक मिले हैं।