भारत सरकार ने रविवार को बड़ा फैसला लिया है। जम्मू कश्मीर से आतंक के खात्मे को लेकर केंद्र सरकार लगातार एक्शन ले रही है। इसी क्रम में अब भारत सरकार ने जम्मू कश्मीर के तहरीक-ए-हुर्रियत पर प्रतिबंध लगा दिया है। गृह मंत्री अमित शाह ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर बताया कि आतंकी गतिविधियों की वजह से इस संगठन पर UAPA के तहत बैन लगाया गया है।
अमित शाह ने कही बड़ी बात
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया साइट X पर लिखते हुए कहा, “तहरीक ए हुर्रियत को UAPA के तहत गैरकानूनी संगठन घोषित किया गया है। यह संगठन जम्मू कश्मीर को भारत से अलग करने और इस्लामी शासन स्थापित करने की गतिविधियों में शामिल है। यह संगठन जम्मू कश्मीर में अलगाववाद को बढ़ावा देने के लिए भारत विरोधी प्रचार कर रहा है और इसके लोग आतंकवादी गतिविधियों में शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस पॉलिसी के तहत भारत विरोधी किसी भी गतिविधि में शामिल पाए जाने पर किसी भी व्यक्ति या संगठन को तुरंत बैन किया जाएगा।”
मुस्लिम लीग जम्मू कश्मीर (मसरत आलम ग्रुप) पर भी प्रतिबंध लगाया गया है
इससे पहले गृह मंत्रालय ने मुस्लिम लीग जम्मू कश्मीर (मसरत आलम ग्रुप) पर भी प्रतिबंध लगाया था। इस संगठन पर भी देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगा है। केंद्र सरकार ने UAPA के तहत इस पर 5 साल का बैन लगाया था।
गृह मंत्रालय ने संगठन पर बैन लगाते हुए कहा था कि इसके सदस्य राष्ट्र विरोधी और अलगाववादी गतिविधियों में शामिल हैं। गृह मंत्रालय ने कहा था कि जम्मू कश्मीर मुस्लिम लीग के लोग वहां पर लोगों को इस्लामी शासन स्थापित करने के लिए उकसाते हैं।
UAPA के तहत बैन करना यह दर्शाता है कि सरकार उस संगठन की संपत्ति भी जब्त कर सकती है। इस समय देश में 43 संगठनों को आतंकी संगठन घोषित किया गया है और उन पर UAPA के तहत प्रतिबंध लगाया गया है। इसमें कई खालिस्तान संगठन भी शामिल हैं।