विश्व के सबसे अद्भुत और आकर्षक पर्यटक स्थलों की सूची में शामिल ताजमहल ने विश्व के प्रमुख पांच पर्यटक स्थलों में भी अपनी जगह बना ली है। प्रमुख पर्यटक योजना और बुकिंग साइट ट्रिप एडवाइजर ट्रेवलर्स द्वारा हाल ही में जारी की गई एक वैश्विक सूची में प्यार के इस प्रतीक का पांचवां स्थान है। पेरू का माचू पिचू और अबू धाबी का शेख जायेद ग्रैंड सेंटर पर्यटकों द्वारा पसंद किए जाने वाले शीर्ष दो स्थलों में से एक है।

विजेताओं का चयन 12 माह के भीतर स्थल की गुणवत्ता की समीक्षा और दुनिया भर में स्थल की रेटिंग के आधार पर किया गया है। ‘ट्रिप अडवाइजर’ के प्रबंधक निखिल गंजू ने कहा, ‘भारत एक समृद्ध सांस्कृतिक इतिहास वाला देश है जो इसके वास्तुकला के नमूनों में झलकता है और इससे हमें विश्वस्तर पर जो पहचान मिलती है उसके हम सही हकदार भी हैं। ’

भारत में मुस्लिम कला की पहचान ‘ताजमहल’ को विश्वस्तर पर सराहना हासिल होने के चलते 1983 में यूनेस्को ने इसे विश्व विरासत स्थल का दर्जा भी दिया था। एशिया में पर्यटकों के पसंदीदा स्थलों की सूची में जयपुर स्थित ‘आमेर का किला’ आठवें स्थान पर है। भारत में पर्यटकों के पसंदीदा स्थलों की सूची में पंजाब के अमृतसर में स्थित हरमंदिर साहिब (गोल्डन टेपल) ने तीसरा स्थान हासिल किया है। मुंबई के पश्चिमी उपनगर को दक्षिण मुंबई में वर्ली से जोड़ने वाला ‘बांद्रा वर्ली सी लिंक’ ने भी इस सूची में जगह बनाई है।

भारतीय सूची में पांचवां सबसे आकर्षक पर्यटक स्थल दिल्ली में यमुना नदी के किनारे सौ एकड़ में बना ‘स्वामीनारायण अक्षरधाम’ है। इसे गिनीज बुक आॅफ वर्ल्ड रिकार्ड्स द्वारा विश्व के सबसे बड़े हिंदू मंदिर का दर्जा भी दिया गया है। आगरा में आगरा का किला, दिल्ली का कुतुबमीनार और गुरुद्वारा बंगला साहिब, मुंबई का श्री सिद्धिविनायक, जोधपुर का मेहरानगढ़ किला भी शीर्ष दस पर्यटक स्थलों में अपनी जगह बनाने में कामयाब रहे।