Uttar Pradesh, Deputy CM: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री डा दिनेश शर्मा ने सपा, बसपा और कांग्रेस पर एकसाथ निशाना साधते हुए शुक्रवार (3 जनवरी) को कहा कि इनके बीच तुष्टीकरण और असामाजिक तत्वों को बढ़ावा देने के लिए एक अलग तरह का T-20 मैच चल रहा है। उन्होंने लखनऊ के लोकभवन में मीडिया से कहा, ‘‘SP, BSP और Congress में उपद्रवियों के तुष्टीकरण और असमाजिक तत्वों को बढ़ावा देने की प्रवृत्ति में एक अलग तरह का ट्वेंटी-20 मैच चल रहा है। इसका सार यह है कि कौन तुष्टीकरण में आगे निकले और कितनी गाली और अमर्यादित शब्दों का प्रयोग BJP, भगवा और विचारधारा के खिलाफ कर सके।’’

दिनेश शर्मा का विपक्ष पर तंज: डिप्टी सीएम ने कहा, ‘‘सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष (अखिलेश यादव) ने अपने वक्तव्य में नई-नई बातों का उल्लेख किया है। उनके विधानसभा दल के नेता (राम गोविन्द  चौधरी) उनसे भी आगे निकल गए हैं और उपद्रवियों को सम्मान और पेंशन देने की बात कर रहे हैं। इस पर आश्चर्य नहीं हुआ क्योंकि ये लोग पूर्व में ही आतंकवादियों के मुकदमे वापस लेने का जो प्रयास किया गया था उस पर न्यायालय ने हस्तक्षेप किया था।’’

अखिलेश यादव पर साधा निशाना: उन्होंने कहा, ‘‘समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव कहते हैं कि एनपीआर में हम रजिस्टर नहीं कराएंगे। उनको शायद जानकारी नहीं है कि सारी विकास योजनाओं का आधार एनपीआर है। वह लोगों को विकास योजनाओं से वंचित करने की साजिश कर रहे हैं।’’ दिनेश शर्मा ने आरोप लगाते हुए कहा कि अखिलेश यादव प्रदेश की जनता को गुमराह करके विकास की योजनाओं से वंचित कर देना चाहते हैं। NPR योजनाओं का आधार है। सीएम योगी आदित्यनाथ सरकार के कार्यकाल में रोजगार और निर्यात दोनों ही बढ़े हैं।

क्या था सपा नेता का बयान: गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधानसभा दल के नेता राम गोविंद चौधरी ने संशोधित नागरिकता कानून (CAA) का विरोध करने वाले लोगों का समर्थन करते हुए शुक्रवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में उनकी पार्टी की सरकार बनने पर ऐसे लोगों को पेंशन दी जाएगी। इसपर दिनेश शर्मा ने कहा कि यह सब तो समाजवादी पार्टी के डीएनए में हैं। उन्होंने आतंकियों का भी सम्मान किया था।