लोकसभा चुनाव 2024 (Lok Sabha Elections 2024) के ठीक पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) की गिरफ्तारी के बाद दिल्ली में सियासत गर्म हो गई है। केजरीवाल ईडी की हिरासत में रहते हुए भी दिल्ली से ही सरकार चला रहे हैं। उनकी गैरमौजूदगी में पत्नी सुनीता केजरीवाल (Sunita Kejriwal) एक्टिव हैं और आज उनकी मुलाकात झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन (Hemant Soren) की पत्नी कल्पना सोरेन (Kalpana Soren) से ही हुई है। कल्पना सोरेन खुद केजरीवाल के घर पर गईं थीं।
कल्पना सोरेन के पहुंचने पर सुनीता केजरीवाल ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया है। इसे सियासी लिहाज से काफी ज्यादा अहम बताया जा रहा है क्योंकि लोकसभा चुनाव के लिए इंडिया गठबंधन में आम आदमी पार्टी दिल्ली में कांग्रेस के साथ गठबंधन में हैं और झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा के साथ कांग्रेस का अलायंस है।
बता दें कि झारखंड के पूर्व सीएम की पत्नी कल्पना सोरेन दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज के साथ अरविंद केजरीवाल के सीएम आवास पर सुनीता केजरीवाल से मुलाकात करने पहुंची थीं। इसी दौरान उनसे पंजाब सरकार के मंत्री कुलदीप धालीवाल ने भी सुनीता केजरीवाल से मुलाकात की है।
दोनों के पतियों को ED ने किया था गिरफ्तार
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को बीते दिनों ईडी ने शराब घोटाले से जुड़े से मनी लांड्रिंग केस गिरफ्तार किया है, जबकि इससे पहले 31 जनवरी को जमीन घोटाले से जुड़े मामले में ईडी ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को 8 घंटे तक चली कड़ी पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया था।
सीएम पद को लेकर काफी रहा है टकराव
झारखंड में जब हेमंत सोरेन के इस्तीफे के बाद सीएम पद को लेकर माथापच्ची हुई थी, तो इस दौरान कल्पना सोरेन का नाम चला था, लेकिन बाद में चंपई सोरेन को सीएम की कुर्सी दी गई थी। इसके कुछ दिनों बाद ही हेमंत सोरेन की भाभी सीता सोरेन ने जेएमएम छोड़ बीजेपी की सदस्यता ले ली थी, जिसके चलते यह साफ हो गया था कि सोरेन परिवार में भी काफी आंतरिक कलह है।
दूसरी ओर बात अगर दिल्ली की करें तो दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल गिरफ्तार हो गए हैं लेकिन उन्होंने अपने पद से इस्तीफा नहीं दिया है। चर्चाएं ये भी रही हैं कि दिल्ली में अरविंद केजरीवाल की जगह आतिशी मार्लेना सीएम बनने की रेस में सबसे आगे हैं। इसके विपरीत दिलचस्प यह भी है कि अरविंद केजरीवाल की पत्नी इन दिनों ज्यादा सक्रिय हैं, केजरीवाल द्वारा जो भी संदेश भेजे जाते हैं, उन्हें सुनीता केजरीवाल ही सार्वजनिक करती है और उन्होंने केजरीवाल द्वारा भेजे गए दो संदेश भी वीडियो के जरिए पढ़कर पेश किए थे।
ऐसे में यह देखना अहम होगा कि क्या दिल्ली के सीएम और झारखंड के पूर्व सीएम की पत्नियों की ये मुलाकात दोनों ही राज्यों में नई सियासत का संकेत दे सकती हैं, क्योंकि 31 मार्च को ही इंडिया अलायंस की दिल्ली में बड़ी रैली भी होनी है।